PM Mann Ki Baat 109th Episode: पीएम मोदी ने किया गणतंत्र दिवस, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व नारी शक्ति का जिक्र 

0
65
PM Mann Ki Baat 109th Episode
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Aaj Samaj (आज समाज), PM Mann Ki Baat 109th Episode, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 109वें एपिसोड को संबोधित किया। यह इस वर्ष का उनका पहला एपिसोड था। अपने संबोधन में पीएम ने 75वें गणतंत्र दिवस के अलावा, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, महिलाओं के स्वरोजगार समूह व पद्म पुरस्कार पाने वाले लोगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 26 जनवरी को सभी देशवासियों ने 75वां गणतंत्र दिवस बहुत धूमधाम से मनाया। उन्होंने कहा, हमारे संविधान के भी 75 साल पूरे हो रहे हैं और हमारे लोकतंत्र के ये पर्व मदर आॅफ डेमोक्रेसी के रूप में भारत को और सशक्त बनाते हैं।

जीवंत दस्तावेज कहलाता है भारत का संविधान

मोदी ने कहा कि भारत का संविधान काफी मंथन के बाद तैयार हुआ इसलिए उसे जीवंत दस्तावेज कहा जाता है। यह बहुत दिलचस्प है कि संविधान के तीसरे अध्याय के प्रारंभ में संविधान निमार्ताओं ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के चित्रों को स्थान दिया था।  उन्होंने कहा, प्रभु राम का शासन, हमारे संविधान निमार्ताओं की भी प्रेरणा का स्त्रोत था, इसलिए 22 जनवरी को अयोध्या में मैंने राम राष्ट्र की बात की थी।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम ने करोड़ों देशवासियों को एक सूत्र में बांधा

पीएम ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम ने देश के करोड़ों लोगों को एक सूत्र में बांध दिया है। सबके हृदय में, सबकी भक्ति में राम हैं। पीएम मोदी ने कहा, इस बार भी ऐसे अनेकों देशवासियों को पद्म सम्मान दिया गया है, जिन्होंने जमीन से जुड़कर समाज में बड़े-बड़े बदलाव लाने का काम किया है। इन प्रेरक लोगों की जीवन-यात्रा के बारे में जानने को लेकर देश-भर में बहुत उत्सुकता दिखी है। मीडिया की सुर्खियों से दूर ये लोग बिना किसी चर्चा के समाज सेवा में जुटे थे।

रुकना नहीं चाहिए स्वच्छता अभियान

पीएम मोदी ने कहा, मैंने देश के लोगों से आग्रह किया था कि मकर संक्रांति से 22 जनवरी तक स्वच्छता का अभियान चलाएं और मुझे अच्छा लगा कि लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई की। उन्होंने कहा, यह अभियान रुकना नहीं चाहिए। सामूहिकता की यही शक्ति देश को सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगी।

अद्भुत रही गणतंत्र दिवस की परेड

प्रधानमंत्री ने कहा, इस बार 26 जनवरी की परेड अद्भुत रही, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा परेड में महिला शक्ति को देखकर हुई। जब महिला सैनिकों की टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर कदमताल किया, तो सभी गर्व से भर उठे। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी डेढ़ हजार बेटियां शामिल हुईं। कई झांकियों में भी नारी शक्ति को प्रदर्शित किया गया। मोदी ने अर्जुन अवॉर्ड पाने वाली 13 महिला खिलाड़ियों की भी तारीफ की।

जल्द ड्रोन से खेती में मदद करती दिखेंगी नमो ड्रोन दीदियां

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के स्वरोजगार समूहों की सराहना करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब आपको गांव-गांव में खेतों में नमो ड्रोन दीदियां ड्रोन के माध्यम से खेती में मदद करती दिखेंगी। उन्होंने यूपी के बहराइच में बायो फर्टिलाइजर और बायो पेस्टिसाइड का इस्तेमाल करने वाली महिला किसानों का भी जिक्र किया।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE