गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की ओर सरकार उठा रही है कदम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

0
221
Panipat News/Government is taking steps to make Gaushalas self-sufficient: CM Manohar Lal
Panipat News/Government is taking steps to make Gaushalas self-sufficient: CM Manohar Lal
  • दोनों सांसदों ने उठाई कुराना गांव के साथ-साथ अन्य गांवों के विकास कार्यों की पुरजोर मांग
आज समाज डिजिटल, पानीपत :
पानीपत। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की ओर कदम उठा रही है। गौवंश के चारे के लिए प्रदेश में हर वर्ष 30 करोड़ रुपए का अनुदान दिया जाता है। मुख्यमंत्री रविवार को पानीपत जिले के कुराना गांव में स्थित श्री जगतगुरू ब्रह्मनन्द गौशाला के वार्षिकोत्सव के अवसर उपस्थित गौभक्तों  को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व गौमाता में गऊमाता को चारा व गुड़ भी खिलाया। मुख्यमंत्री ने सभी को संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।

महाग्राम योजना के तहत गांव के लिए सीवर बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुराना गांव के लिए कई मांगों को मंजूर किया। मुख्यमंत्री ने गांव की चार सड़कों को साढ़े पांच मीटर चौड़ा करने की मांग को मौके पर ही मंजूर किया। इसके साथ ही गांव की तरफ से मांग न होने के बावजूद गांव की आबादी दस हजार से अधिक होने को देखते हुए महग्राम योजना के तहत कुराना गांव सीवर बनाने की घोषणा की। श्री जगतगुरु ब्रह्मानंद गौशाला कुराना के लिए मुख्यमंत्री ने 21 लाख रुपए का सहयोग देने की भी घोषणा की।

 

Panipat News/Government is taking steps to make Gaushalas self-sufficient: CM Manohar Lal
Panipat News/Government is taking steps to make Gaushalas self-sufficient: CM Manohar Lal

गाय को किसान की आजीविका का साधन बनाना होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें गाय को किसान की आजीविका का साधन बनाना होगा। इसके लिए हमें देशी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत राजकीय पशुधन फार्म, हिसार में गोकुल ग्राम की स्थापना की जा रही है। हरियाणा गौ-सेवा आयोग द्वारा पंचकूला में हरियाणा गौ-वंश अनुसंधान केन्द्र खोला गया है। इसमें अधिक फास्फेट युक्त आर्गेनिक खाद और वर्मीकम्पोस्ट पर अनुसंधान कार्य चल रहा है।

हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौ संवर्धन अधिनियम-2015 लागू

उन्होंने कहा कि सरकार ने हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौ संवर्धन अधिनियम-2015 लागू किया है, जिसके तहत गौ हत्या करने वाले व्यक्ति को 10 वर्ष तक कारावास व एक लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। गौ-तस्करी करने वाले व्यक्ति को 7 वर्ष तक कैद और उपयोग किए जाने वाले वाहन को जब्त करने के अतिरिक्त 70 हजार रुपए तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त गौ हत्या व गौ-तस्करी को रोकने के लिए राज्यस्तरीय विशेष गौ संरक्षण कार्यबल का गठन किया गया है।

फरीदाबाद व यमुनानगर में गौमांस टेस्टिंग लैब स्थापित की गई

गौ हत्या के अपराधियों को सजा दिलाने के लिए फरीदाबाद व यमुनानगर में गौमांस टेस्टिंग लैब स्थापित की गई हैं। बेसहारा गोवंश को रखने के लिए गांव नैन (पानीपत) और गांव ढंदूर (हिसार) में दो गौ अभ्यारण्य स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री ने गौशाला संचालकों से आह्वान किया कि  गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गाय के गोबर और गोमूत्र से गोमूत्र प्राकृतिक फिनाइल, जैविक खाद, गोबर के बर्तन, प्राकृतिक पेंट, गमला, दीया, धूप, साबुन और अन्य उत्पादों के उत्पादन पर बल दें।

जनता से पूछा, पारदर्शिता से काम होने चाहिए या नहीं

मुख्यमंत्री ने ई टेंडरिंग का कुछ लोगों द्वारा विरोध करने के मामले में मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनता से ही पूछा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता होनी चाहिए या नहीं। इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ई टेंडरिंग का पूर्ण समर्थन किया। मुख्यमंत्री ने सरपंचों से आह्वान किया कि वे उनको अलॉट किए बजट को 31 मार्च से पहले विकास कार्यों के लिए खर्च करें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस अवसर पर जगतगुरु ब्रह्मानंद गौशाला को 21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सांसद संजय भाटिया, सांसद कृष्ण लाल पंवार, सांसद अरविंद शर्मा,  घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, उत्तराखंड के डीजीपी अशोक गर्ग, पानीपत की जिला भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता, भाजपा नेता संजय छोकर, जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण, जगतगुरू ब्रहानन्द गौशाला समिति के प्रधान नरेश गर्ग के अलावा बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।

सांसद पंवार ने गांव कुराना की मांगों को सीएम के समक्ष रखा

राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार और करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया ने न केवल कुराना गांव बल्कि आसपास के क्षेत्र की मांगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया। राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री 36 बिरादरी को साथ लेकर काम कर रहे हैं और सम्मान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गौ सेवा आयोग बना कर इसके चेयरमैन और सदस्यों की जो नियुक्ति की है उससे गौशालाओं को बहुत बड़ा बल मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष गांव कुराना से संबंधित अनेक मांगों को रखते हुए उन से अनुरोध किया कि इन मांगों की फिजीबिलिटी चेक करा कर इन्हें सिरे चढ़ाया जाए। उन्होंने इस मौके पर गौशाला समिति को 11 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।

500 एकड़ के जंगल में से भूमि को गौचरण के लिए भी रखा जाए : सांसद भाटिया

करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कुराना गांव में जो 500 एकड़ का जो जंगल है, इसमें से भूमि को गौचरण के लिए भी रखा जाए। उन्होंने कहा कि आपने जिस तरह से गौ सेवा आयोग बनाकर काम किया है यह एक बहुत अच्छा नेक कार्य है। उन्होंने यमुना की तलहटी से उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले बेसहारा गोवंश की समस्या को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और कहा कि इनसे यमुना की तलहटी से लगने वाले जिला के अनेक गांव की फसलें काफी खराब हो रही है, इस बारे में भी संज्ञान लिया जाए। सांसद संजय भाटिया ने गांव सींक, अहर, नैन, छिछड़ाना, मांडी, ऐंचरा खुर्द, कालखा, लाखु बुआना इत्यादि गांव से प्राप्त मांगों और समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने अपनी सांसद निधि से गौशाला को 11 लाख  रुपए देने की घोषणा की। रोहतक लोकसभा से सांसद डॉ अरविंद शर्मा, पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक गर्ग, घरौंडा के विधायक हरविंदर कल्याण ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
SHARE