अस्पताल में सोई मां के पास से नवजात को ले गया कुत्ता, नोच-नोच कर मार डाला

0
301
आज समाज डिजिटल, Panipat News :
शहर के सेक्टर 13 – 17 स्थित एक अस्पताल में आवारा कुत्तों ने 2 दिन के नवजात को नोंच नोंच कर मार डाला है। हैरानी की बात है की आवारा कुत्ते अस्पताल में घुसकर मां के पास से ही बच्चे को उठाकर ले गए। बच्चे का क्षत विक्षत शव मिला है। वहीं मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर सुरक्षा संबंधी सवाल उठाए। सीसीटीवी चैक पर कुत्ता बच्चे को 2:07 मिनट पर अस्पताल से बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है।

25 जून को डिलिवरी के लिए एडमिट हुई थी शबनम

जानकारी मुताबिक शहर के सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र के अंर्तगत एक अस्पताल में 25 जून को शबनम पत्नी आस मोहम्मद गांव फोरगाण कैराना यूपी की डिलिवरी के लिए एडमिट हुई थी। शबनम ने उसी रात 8.15 बजे एक बेटे को जन्म दिया। वह अस्पताल की पहली मंजिल स्थित जनरल वार्ड के एक कमरे में भर्ती है। सोमवार रात कमरे में बच्चे के साथ मां-पिता, दादी व ताई भी मौजूद थे। मां बेड पर सोई हुई थी, जबकि पिता, दादी और ताई नीचे फर्श पर सोए हुए थे। बच्चे को दूध पिलाने के बाद दादी और ताई से उसे नीचे अपने पास फर्श पर ही लिटा लिया था।

रात करीब 2:15 बजे परिजनों की आंख खुली तो बच्चा नहीं था

इसी बीच रात करीब 2:15 बजे परिजनों की आंख खुली तो बच्चा उनके पास नहीं था। तलाशते हुए परिजन दौड़ कर अस्पताल के बाहर पहुंचे तो देखा कि बच्चा एक कुत्ते के मुंह में था। कुत्ता बच्चे को नोंच रहा था। परिजनों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़वाया और तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों से चैक करवाया तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह सुनने के बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अस्पताल परिसर में चीख पुकार मच गई। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
SHARE