चंडीगढ़: हमारे खिलाड़ी दुनिया में चमक रहे : दत्तात्रेय

0
284

राज्यपाल ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
आज समाज डिजिटल, चंडीगढ़:
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देश और प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी दुनिया में चमक रहे हैं। उनके दृढ़ निश्चय और संकल्प शक्ति ने भारत के गौरव को ऊंचा किया है। उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी पदम भूषण मेजर ध्यानचंद के पराक्रम को याद करते हुए कहा कि देश में हर साल हॉकी सम्राट मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। दत्तात्रेय ने कहा मेजर ध्यानचंद एक प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ी थे। उनके नेतृत्व में देश दशकों तक पूरी दुनिया में हॉकी का सिरमोर रहा है। उन्होंने अपने जीवन में हॉकी खेल में 1000 से भी ज्यादा गोल दागकर हॉकी को नई उंचाइंयों पर पहुंचाया था। मेजर ध्यानचंद का हॉकी के प्रति जुनून युवाओं को पीढ़ीयों तक खेलों के प्रति प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को मेजर ध्यानचंद जैसे भारत के महान खिलाड़ियों के तप, दृढ़ संकल्प और उत्साह पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने सदैव युवाओं को अपने लक्ष्य का पीछा करने के लिए प्रेरित किया। युवाआें के नाम दिए अपने संदेश में दत्तात्रेय ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने हॉकी में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर मेजर ध्यानचंद की याद दिला दी। पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल के बाद पदक जीतकर फिर से वापसी की है। यह भारतीय हॉकी के नए युग की शुरुआत है। महिलाओं की टीम ने हॉकी में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर देशवासियों का दिल जीता है और महिला हॉकी में भी नई आशाएं जगाई हैं। दत्तात्रेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया जैसे प्रयास युवाओं में नई स्फुर्ति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हरियाणा के खिलाड़ियों की भी सराहना की। यह बहुत गर्व की बात है, टोक्यो में चल रहे पैरालिंपिक में राज्य के 19 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। दत्तात्रेय ने टोक्यो में चल रहे पैरालिंपिक में देश की बेटी भाविना पटेल के भी टेबल टेनिस के फाइनल में प्रवेश करने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। भाविना ने एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने भाविना को अग्रिम शुभकामनाएं देकर कहा कि भाविना देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।

SHARE