20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी फिल्म
Assi, (आज समाज), मुंबई: अनुभव सिन्हा के डायरेक्शन में हाल ही में तापसी पन्नू की एक नई फिल्म आई है, जिसका नाम है अस्सी। 20 फरवरी को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। अनुभव सिन्हा और ने एक बार फिर से अपनी इस फिल्म के जरिए समाज से जुड़े मुद्दे को उठाया है। ये फिल्म हर दिन भारत में रिपोर्ट होने वाले रेप केसेस पर आधारित है। लोगों की तरफ से फिल्म को खूब प्यार मिल रहा है। इस फिल्म के लिए डायरेक्टर और स्टारकास्ट को काफी सराहा जा रहा है।
इस बीच सोशल मीडिया पर तापसी ने एक इमोशनल और दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर करते हुए लोगों से एक खास अपील की है। तापसी ने लोगों से ये फिल्म देखने की अपील की है। उनका कहना है कि आप ये फिल्म देखिए और उन्हें लिखकर बताइए कि आपको ये फिल्म कैसी लगी। तापसी वीडियो में कहती हैं, हैलो, कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके लिए मैसेज आते हैं कि क्या कहानी है। कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके लिए मैसेज आते हैं काफी अच्छा कैरेक्टर है। और कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके लिए मैसेज आते हैं कि इस फिल्म को करने के लिए शुक्रिया। कुछ फिल्में होती हैं, जिनके रिव्यू में लिखा होता है कि काफी एंटरटेनिंग है, जरूर देखें।
रिव्यू में लिखी होती है कॉमन बात
वो आगे कहती हैं, और कुछ फिल्में होती हैं, जिनके रिव्यू में लगातार एक कॉमन बात लिखी होती है कि बहुत ही असहज, लेकिन जरूर देखें। ऐसी ही एक फिल्म आई थी 6 साल पहले थप्पड़। और उसी डायरेक्टर की (अनुभव सिन्हा) एक और पिक्चर आई एक हफ्ता पहले अस्सी। सौभाग्य से मैं ही उसमें हूं। इतने प्यारे-प्यारे मैसेज, इतने वैलिडेटिंग रिव्यू, लेकिन सबसे जरूरी, कितने सारे लोगों ने पर्सनली लिया इस मुद्दे को। कितने खूबसूरत वीडियोज और आर्टिकल। मैंने सब वीडियोज देखे और आर्टिकल पढ़े। शायद आपने भी पढ़े होंगे।
तापसी पन्नू ने और क्या कहा?
तापसी आगे कहती हैं, अगर वीडियोज देखे हैं, पढ़े हैं इतने सारे लोगों ने तो कुछ तो बात होगी। तो अगर आपको लगे कि देखना तो बनता है कि कैसी पिक्चर है, जिसके बारे में इतने सारे लोग, इतनी शिद्दत से, प्यार से, जज्बे से लिख रहे हैं, तो एक बार देखें। शायद आपसे भी कुछ बात करे ये पिक्चर। और अच्छी लगे, जैसे भी लगे, पर लिखना जरूर। मैं जरूर देखना चाहूंगी। उम्मीद करती हूं कि आने वाले वीकेंड पर आपके पास थोड़ा सा समय हो इस फिल्म को देखने के लिए।
थोड़ा असहज कर सकती है, लेकिन याद रहेगी, शायद इतना कॉन्फिडेंस आ गया है अब हमें बोलने में। आप सबके वीडियोज और राइट-अप का इंतजार है। बहरहाल, अस्सी को बॉक्स आॅफिस पर भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। एक हफ्ते में इस फिल्म ने 7.23 करोड़ रुपये (नेट) और वर्ल्डवाइड 11.12 करोड़ रुपये (ग्रॉस) की कमाई की है।
ये भी पढ़ें: 300 दिन में तैयार हुई रश्मिका-विजय की शाही ज्वैलरी


