Om Prakash Dhankar : लोगों के काम करवाकर जनता का दिल जीतें पन्ना प्रमुख: ओम प्रकाश धनखड़

0
199
करनाल की नीलोखड़ी विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़
करनाल की नीलोखड़ी विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़
  • नीलोखेड़ी विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में धनखड़ ने कहा – मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा है तेजी से तरक्की
  • धनखड़ ने कांग्रेस को घेरा, बोले- ईर्ष्यालू है कांग्रेस

Aaj Samaj (आज समाज), Om Prakash Dhankar,प्रवीण वालिया, करनाल/नीलोखड़ी, 20 अगस्त: करनाल की नीलोखड़ी विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने सभी पन्ना प्रमुखों से अपील की है कि वे पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के काम करवाने में भी अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि अगर किसी को बीपीएल कार्ड, परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, पेंशन, आष्युमान कार्ड और चिरायु कार्ड बनवाने में परेशानी आ रही हो तो सभी पन्ना प्रमुख ठीक कराने में उनकी सहायता करें।

उन्होंने पन्ना प्रमुखों का आह्वान किया कि सभी की सहायता करें और सभी मतदाताओं और आम लोगों से मेल-जोल बढ़ाएं और मतदाताओं का दिल जीतें। धनखड़ ने कहा कि पन्ना प्रमुख 60 वोटरों का सेवादार बनकर सेवा करें, यही भारतीय जनता पार्टी का कंसैप्ट है। हम भारत माता की हर स्तर पर सेवा करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। वसुधैव कुटुम्बकम की नीति पर चलते हुए दूसरे देशों की सहायता कर सकें इसके लिए हम भारत को मजबूत वैभवशाली और शक्तिशाली बनाना चाहते हैं। इस मौके पर उन्होंने आजादी के लिए बलिदान हुए समस्त वीरों तथा हाल ही में लेह लद्दाख में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की नीति और नीयत पर सवाल उठाते हुए उन्हें मायावी भी बताया और कार्यकर्ताओं को इनसे सचेत रहने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि इस बात को कभी भूल मत जाना कि धारा-370 लगाई किस पार्टी ने थी और तोड़ने वाली पार्टी कौन सी है। भाजपा ने जब जम्मू-कश्मीर से 370 हटाई तो 370 लगाने वाली कांग्रेस ने हटाने का भी विरोध किया है। भगवान राम को बाबरी मस्जिद में और टैंट में बैठाने वाली भी कांग्रेस पार्टी ही है। अब भाजपा ने भगवान राम का भव्य मंदिर बनाकर न केवल अपना वादा पूरा किया बल्कि भारत की आस्था का भी सम्मान किया।
श्री धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस से ईर्ष्या थी। नेता जी ने अंडेमान निकोबार द्वीप समूह में झंडा फहराया था और उस समय उनकी सरकार को 19 देशों ने मान्यता भी दी थी। लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने झंडे को हटा दिया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की सरकार में फिर से झंडा लगाया गया लेकिन उसके बाद फिर हटा दिया गया जिससे यह सिद्ध होता है कि कांग्रेस को नेता जी से ईर्ष्या रही है। अब मोदी सरकार ने ऐसा झंडा लगा दिया है कि जिसे कोई सरकार नहीं हटा सकती। द्वीप का नाम ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रख दिया है। इंडिया गेट पर उनकी प्रतिमा लगाई और राजपाथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया है। भाजपा ने नेताजी को पूरा मान-सम्मान देने का काम किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 9 साल देश की तरक्की के लिए काम किया है। कांग्रेस के जमाने में गैस के लिए सांसदों से चिट्ठी लिखवानी पड़ती थी। मनमोहन सरकार के समय गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ता था। मोदी सरकार में हर घर गैस पहुंच रही है, हर घर नल से जल आ रहा है यही बदला हुआ भारत है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन के समय में देश की अर्थव्यवस्था दसवें नंबर पर थी और अब मोदी के नेतृत्व में 5वें नंबर पर है। जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। मोदी सरकार में देश का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। सड़कों, हाइवे और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत का सम्मान पूरे विश्व में है। अमेरिका की संसद में मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। मेड इन इंडिया अभियान से बहुत सी चीजों का हब भारत बना है। दुनिया को 50 प्रतिशत दवाईयां अब भारत देता है। वैक्सीन बनाने में भारत वर्ल्ड लीडर है। अमेरिका को 40 प्रतिशत दवाई हम देते हैं। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष बलबीर मराठा, प्रवीण गुप्ता, कर्मबीर शर्मा, महिपाल राणा आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : JJP BC Cell : जजपा बीसी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

यह भी पढ़ें : Government’s policy to control onion prices : टमाटर के बाद अब प्याज ने बढ़ाई आम आदमी की मुश्किलें

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE