WHO Alerts India on Covid: प्रतिरोधक क्षमता के घटते स्तर से भारत में नई कोविड लहरों की आशंका

0
236
WHO Alerts India on Covid
डब्ल्यूएचओ की दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर पूनम खेत्रपाल सिंह

WHO Alerts India on Covid: भारत मेें बढ़ रहे कोविड-19 के नए मामलों के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेताया है। डब्ल्यूएचओ की दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर पूनम खेत्रपाल सिंह ने जोर देकर कहा है कि हमारे देश की आबादी में प्रतिरोधक क्षमता के घटते स्तर से नई कोविड लहरें पैदा हो सकती हैं। उन्होंने कहा, इससे निपटने के लिए भारत को उच्च टीका कवरेज के साथ-साथ एक मजबूत निगरानी की जरूरत है। फिलहाल, देश में कोविड मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है जैसे 2022 की शुरुआत में ओमिक्रॉन लहर के दौरान आखिरी बार देखा गया था। बता दें कि भारत में सितंबर 2022 के बाद फिर बीते कुछ दिनों से 6 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

  • उच्च टीका कवरेज के साथ मजबूत निगरानी की जरूरत
  • 2022 की शुरुआत में ओमिक्रॉन लहर जैसे हालात

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में रविवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में कोरोना के 5357 नए मामले सामने आए। एक्टिव केस भी बढ़कर 32 हजार 814 हो गए हैं। शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में भारत में 6155 नए कोविड केस सामने आए थे और इस दौरान 11 मरीजों की मौत हो गई थी। शुक्रवार को देश में कोरोना के नए मामले 6,050 दर्ज किए गए थे। उस दिन सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 31,194 हो गई थी।

अब तक 4.47 करोड़ लोग संक्रमित

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महामारी की शुरुआत से देश में अब तक चार करोड़ 47 लाख 56 हजार 616 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 0.07 प्रतिशत मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 98.75 प्रतिशत लोग ठीक हो चुके हैं। 1.19 प्रतिशत मरीजों की मौत हो गई। राष्ट्रव्यापी कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक कोरोना रोधी टीके की 220.66 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं।

10 और 11 अप्रैल को मॉक ड्रिल कराने का ऐलान

देश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों संग समीक्षा बैठक कर टेस्टिंग व जिनोम सिक्वेंसिंग बढ़ाने और अस्पतालों को तैयार रखने और दवाओं का स्टाक बनाने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 10 और 11 अप्रैल को देशभर के अस्पतालों में तैयारियों का जायजा लेने के मकसद से 10 और 11 अप्रैल को मॉक ड्रिल कराने का भी ऐलान किया है।

हरियाणा, केरल व पुड्डूचेरी में मास्क अनिवार्य

कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा, केरल और पुड्डूचेरी ने मास्क अनिवार्य कर दिया है। हरियाणा सरकार के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य है। सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वह कोरोना के रोकथाम के लिए जरूरी नियमों का पालन करें। सरकार ने जिला और पंचायत प्रशासन को इसकी निगरानी करने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़ें : Covid Report 9 April 2023: कोविड-19 के नए केस कल से 798 कम, सक्रिय 32 हजार पार

 

SHARE