Weather Update Today : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, गिरेगा न्यूनतम पारा

0
496
Weather Update Today : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, गिरेगा न्यूनतम पारा
Weather Update Today : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, गिरेगा न्यूनतम पारा

न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट की संभावना, कहीं-कहीं होगी हल्की बारिश

Weather Update Today  (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में तबदीली दिखाई देगी। आसमान में हल्के बादल बनेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इसके साथ ही अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर राजस्थान और उसके आसपास पंजाब व हरियाणा के इलाकों पर असर दिखा रहा है।

जिसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसी प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है और आगे भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती प्रसार अब उत्तर-पूर्व राजस्थान के आसपास पहुंच गया है।

तापमान में जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद करीब पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जिससे सुबह और रात की ठंड बढ़ने के आसार हैं। पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा, उसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र और गुजरात में भी आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान बढ़ सकता है और फिर स्थिति सामान्य रहने की संभावना है।

देश के इन हिस्सों के लिए जारी की चेतावनी

गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भी दो दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, फिर धीरे-धीरे बढ़ सकता है। समुद्री क्षेत्रों में हालात और खराब हो सकते हैं। मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र के आसपास हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के पूर्वी तट के पास 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें : US-Iran Conflict : अमेरिकी चेतावनी के बीच ईरान ने किया युद्धाभ्यास

  • TAGS
  • [post_tags]