कहा, अमेरिका और इजरायल ईरान और क्षेत्र से प्रतिरोधी गुटों को खत्म करने में विफल रहे
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच स्थाई समझौते के बाद पहले दौर की वार्ता तल्खी के साथ खत्म हुई। वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी यह स्पष्ट कर दिया है कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और लेबनान पर उसकी कार्रवाई चलती रहेगी। इसी बीच अब हिजबुल्ला प्रमुख शेख नईम कासिम का बड़ा बयान सामने आया है। कासिम ने ईरान और लेबनान पर हो रहे हमलों को लेकर अमेरिका और इजरायल पर बड़ा आरोप लगाया है।
कासिम के मुताबिक, अमेरिका और इस्राइल ने क्षेत्र में प्रतिरोधी ताकतों को कमजोर करने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में नई राजनीतिक और सुरक्षा परिस्थितियां बन रही हैं।
दरअसल पिछले करीब साढ़े तीन माह से अधिक समय तक चले ईरान पर अमेरिकी और इजरायल हमलों व लेबनान पर हो रहे इजरायली हमलों पर बोलते हुए कासिम ने कहा है कि ईरान और क्षेत्र के प्रतिरोधी गुटों को खत्म करने की अमेरिका-इजरायल की योजना पूरी तरह विफल हो चुकी है।
अमेरिका के समर्थन के बिना कार्रवाई नहीं कर सकता इजरायल
कासिम ने आरोप लगाया कि लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई अमेरिका के समर्थन के बिना संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि हालिया संघर्ष के बाद पश्चिम एशिया एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां तथाकथित अमेरिकी-इस्राइली परियोजना को हार का सामना करना पड़ा है। शेख नईम कासिम ने मध्य अशूरा परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान ने भारी नुकसान और बलिदान झेलने के बावजूद खुद को पहले से अधिक मजबूत साबित किया है। उन्होंने कहा कि ईरान कभी भी अपने अधिकारों और क्षेत्रीय प्रभाव को नहीं छोड़ेगा।
वर्तमान युद्ध विराम प्रस्ताव से बढ़ेगी तल्खी
हिजबुल्ला प्रमुख ने उन युद्धविराम प्रस्तावों की आलोचना की, जिनमें इस्राइल को सैन्य कार्रवाई जारी रखने की छूट दी जाती है। कासिम ने कहा कि ऐसा कोई भी समझौता वास्तव में युद्धविराम नहीं, बल्कि आक्रामकता को जारी रखने का माध्यम है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में भी जब हिजबुल्ला ने युद्धविराम का पालन किया, तब इस्राइल ने समझौतों का उल्लंघन किया। उन्होंने साफ कहा कि संगठन ऐसे किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें पूरी तरह सैन्य कार्रवाई बंद करने की गारंटी न हो।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis Update : ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे : नेतन्याहू


