Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के दिल्ली और पंजाब-हरियाणा सहित अधिकतर राज्यों में जहां इन दिनों आसमान से आग बरसी रही है, वहीं पूर्वोत्तर भारत में इंद्र देवता मेहरबान है। असम, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल व त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में आंधी-बारिश जमकर कहर बरपा रही है। यूपी-दिल्ली के अलावा राजस्थान और बिहार सहित अन्य कई राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। शनिवार को राजधानी में लू की स्थिति बनी रही।
राजस्थान सहित कई राज्यों में प्रचंड गर्मी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3 दिन तक भीषण लू चलने के आसार हैं। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में इन दिनों तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। दिन में दोपहर के समय लगता है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। 27 अप्रैल के बाद पूर्वी और उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक गिरावट के आसार है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
कर्नाटक और झारखंड में ओलावृष्टि का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के 12 से अधिक राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार मेघालय, असम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40 से 70 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। कई जगह बाढ़ की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के भी कई इलाकों में गरज-चमक व बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं कर्नाटक और झारखंड में ओलावृष्टि का अनुमान है।
यूपी-बिहार में 3-4 दिन तक भीषण गर्मी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश का बांदा शनिवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। आईएमडी के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन तक लू चलने का अनुमान है। 28 अप्रैल से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि कि 28 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक के साथ राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। बिहार में भी मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिन तक भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें : Weather Updates: उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में तेज लू की चेतावनी


