Weather Report : घने कोहरे व शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन, जम्मू में सीजन की पहली बर्फबारी

0
180
Weather Report
हरियाणा के अंबाला में कड़ाके की ठंड के दिन घने कोहरे के चलते कम दृश्यता के बीच दौड़ते वाहन

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली,(Weather Report ): उत्तर भारत पहले ही घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में है और पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी व सर्द हवाओं ने समूचे क्षेत्र में ठिठुरन और बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तक पहाड़ी राज्यों व मैदानी एरिया में भीषण सर्दी की स्थिति रहेगी। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व पंजाब के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। जम्मू में कल सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। बिहार में भी शीतलहर के कारण कंपकंपी बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में रात के तापमान में गिरावट रहेगी।

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 29 तक नहीं राहत के आसार

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 29 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने और उसके बाद इसके कम होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट हिमपात की संभावना है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के गुरुवार की रात को पश्चिमी हिमालय में आने का अनुमान है, जिसके तहत क्षेत्र में छिटपुट बारिश और बर्फबारी का अनुमान है।

हरियाणा में भीषण ठंड का अलर्ट, कश्मीर में पारा जमाव बिंदु से नीचे

हरियाणा मौसम विभाग ने भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया है। राज्य में अगले कुछ दिन तक शीतलहर से राहत मिलने आसार नहीं है। ठिठुरन भरी ठंड में ही लोगों को नए साल का जश्न मनाना होगा। उधर मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में भी आने वाले दिनों में सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं है। कश्मीर में लगभग सभी क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। डल झील के अंदरूनी हिस्से भी जम गए हैं। जम्मू भी शीतलहर से ठिठुर रहा है। कोहरे की मार सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ रही है। सोमवार को चार विमान जम्मू नहीं पहुंच पाए और कुछ देरी से पहुंचे।

इन राज्यों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच है। दिल्ली में 26 दिसंबर का दिन इस सीजन में सबसे ठंडा रहा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बर्फीजी हवाओं की वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के ऊंचाई वाले एरिया में हिमपात

उत्तराखंड में भी हिमपात हुआ है। चारधाम के साथ-साथ उंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से राज्य के मैदानी क्षेत्रों तक ठठुरन बढ़ गई है। सर्द हवाओं की वजह से कंपकंपी और ज्यादा बढ़ गई है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति जिले के शिंकुला दर्रा में कल ताजा बर्फबारी हुई। उंचाई वाले इलाकों में हिमपात के चलते राज्य में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।

राजस्थान : माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु तक, मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाएं

राजस्थान के कई इलाके शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक सीकर, चुरू, झंझनू, चुरू जिले के अलावा बीकानेर में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु तक तक पहुंच गया है। बर्फीली हवाओं के चलते मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में कोहरे और शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इस राज्य में भी आने वाले कुछ दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है।

ये भी पढ़ें : Covid Updates : देश में कोरोना के 236 नए मामले, 2 मरीजों की मौत, कल 201 मामले थे

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE