Weather Update Today : पूरे देश में बदला मौसम, लू की स्थिति समाप्त

0
112
Weather Update Today : पूरे देश में बदला मौसम, लू की स्थिति समाप्त
Weather Update Today : पूरे देश में बदला मौसम, लू की स्थिति समाप्त

एक साथ सक्रिय हुई कई मौसमी प्रणालियां, मानसून की सक्रियता, पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का मिजाज

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले कुछ दिन से उत्तर और मध्य भारत के ज्यादात्तर राज्य दोबारा से भीषण गर्मी और लू की चपेट में थे। जिसके चलते लोगों को गमी से परेशान होते देखा जा रहा था। वहीं आज यानी गुरुवार से मौसम एक बार फिर से बदल गया है। उत्तर भारत में अलसुबह शुरू हुआ तेज आंधी का दौर अभी भी जारी है। वहीं लगभग सभी जगहों पर हल्की बारिश भी हुई।

मौसम के इसी परिवर्तन से लगभग पूरे उत्तर भारत में लू की स्थिति समाप्त हो गई है और तापमान में कमी आई है। वहीं अनेक राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा।

मानसून की रफ्तार हुई तेज

इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार भी बढ़ने लगी है और अगले पांच दिनों के दौरान इसके कई नए राज्यों में आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 11 से 16 जून तक विभिन्न स्थानों पर वर्षा की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू और कश्मीर में भी इस अवधि के दौरान बारिश होने के आसार हैं।

पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी राजस्थान में भी 11 से 16 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश दर्ज की जा सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बनी हुई हैं। अगले पांच दिनों के दौरान मानसून मध्य अरब सागर के और हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु के शेष भागों में भी इसके आगे बढ़ने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा, बारिश ने दिलाई राहत

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत दी है। तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों ने राहत महसूस की, हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर अभी जारी रह सकता है। विभाग के अनुसार 11 जून को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]