चीन रवाना होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा बयान, आज पहुंच रहे हैं चीन
Donald Trump China Visit (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज अति महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान चीन पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे चीन के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। विश्व की दो महाशक्तियों के दो सबसे शक्तिशाली अध्यक्षों के बीच होने जा रही इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजर है। हालांकि चीन रवाना होने से पहले ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि उन्हें ईरान मुद्दे पर चीन की मदद की आवश्यकता नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि ईरान से वह अकेला और अपने स्तर पर निपटने में सक्षम है। उन्हें ईरान के मुद्दे पर चीन की सहायता की कोई आवश्यकता नहीं है। ट्रंप ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि अमेरिका इस स्थिति को शांतिपूर्वक या किसी अन्य तरीके से अपने दम पर जीत लेगा।
13 से 15 मई तक चीन रहेंगे ट्रंप
साल 2017 के बाद यह उनकी पहली चीन यात्रा है। यह हाई-प्रोफाइल यात्रा 13 से 15 मई के बीच निर्धारित है। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दौरा केवल राजनीतिक नहीं है। ट्रंप के साथ अमेरिका के बिजनेस और टेक सेक्टर के एक दर्जन से ज्यादा बड़े उद्योगपति भी चीन जा रहे हैं। इस शक्तिशाली प्रतिनिधिमंडल में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के सीईओ शामिल होंगे।
व्हाइट हाउस के मुताबिक, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ चीन की यात्रा पर नहीं जा रही हैं। बुधवार को चीन के लिए रवाना हुए ट्रंप के साथ विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उनके परिवार के सदस्य एरिक- लारा ट्रंप मौजूद हैं, लेकिन मेलानिया इस दौरे का हिस्सा नहीं हैं।
एलन मस्क और टिम कुक भी शामिल
इस महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल में टेक दिग्गज एलन मस्क और एप्पल के सीईओ टिम कुक को भी शामिल किया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने रवानगी से पहले शी जिनपिंग को अपना दोस्त बताया और साफ किया कि उनकी बातचीत का मुख्य एजेंडा द्विपक्षीय व्यापार और ईरान से जुड़े कड़े मुद्दे होंगे। निवेश क्षेत्र के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी से साफ है कि अमेरिका चीन के साथ आर्थिक रिश्तों को नई दिशा देना चाहता है। सूत्रों का कहना है कि ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच बातचीत का एजेंडा काफी व्यापक है। इसमें मुख्य रूप से व्यापार, निवेश और टैरिफ जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।


