West Asia Crisis : अमेरिका ने ईरान जा रहे समुद्री जहाज पर दागी मिसाइल

0
231
West Asia Crisis : अमेरिका ने ईरान जा रहे समुद्री जहाज पर दागी मिसाइल
West Asia Crisis : अमेरिका ने ईरान जा रहे समुद्री जहाज पर दागी मिसाइल

अमेरिका ने चेतावनी देने के बाद की सैन्य कार्रवाई, होर्मुज में दोबारा बढ़ा तनाव

West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान आपसी समझौते की बात कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ दोनों एक दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई भी कर रहे हैं। जिससे पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बना हुआ है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर जा रहे एक व्यापारी जहाज को मिसाइल हमले से रोक दिया।

अमेरिका का कहना है कि नाकेबंदी का उद्देश्य ईरान की निर्यात क्षमता को सीमित करना और उसकी आर्थिक आय पर दबाव बढ़ाना है। वहीं, ईरान ने भी सख्त रुख अपनाया है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने चेतावनी दी है कि उसके नियंत्रण वाले समुद्री क्षेत्र में हस्तक्षेप करने वाले किसी भी सैन्य जहाज को निशाना बनाया जा सकता है। सरकारी टीवी के माध्यम से जारी बयान में कहा गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों की समुद्री सुरक्षा गंभीर खतरे में पड़ सकती है।

अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई को सही बताया

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, गाम्बिया के झंडे वाला मालवाहक जहाज एम/वी लियान स्टार ओमान की खाड़ी के रास्ते एक ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था। अमेरिकी सेना ने जहाज को 20 से अधिक बार चेतावनी दी, लेकिन चालक दल ने निर्देश का पालन नहीं किया। जिसके बाद उसे कार्रवाई करने पर मजबूर होना पड़ा। अमेरिकी सैन्य विमान ने जहाज के इंजन कक्ष पर हेलफायर मिसाइल दागी, जिससे जहाज आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया। अमेरिकी सेना का कहना है कि अब यह जहाज ईरान की ओर नहीं जा रहा है। अमेरिका ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में लागू समुद्री नाकेबंदी का हिस्सा है।

अमेरिका ने यह आरोप लगाया

अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री मार्गों पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश की, जिसके जवाब में यह कदम उठाया गया। इस क्षेत्र से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल, गैस और अन्य महत्वपूर्ण सामान गुजरता है, इसलिए यहां किसी भी तरह का तनाव वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार को प्रभावित करता है। हालांकि क्षेत्र में तनाव जारी है, फिर भी 7 अप्रैल से लागू संघर्ष विराम अभी तक बना हुआ है। अमेरिका और उसके सहयोगी देश इस युद्धविराम को 60 दिन और बढ़ाने की संभावना पर विचार कर रहे हैं ताकि ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर नई बातचीत शुरू की जा सके।

ये भी पढ़ें : Weather Update : मौसम में आया बदलाव, गर्मी-लू से मिली राहत

  • TAGS
  • [post_tags]