क्या ईरान के बाद अमेरिका का अगला टारगेट बनेगा क्यूबा
US–Cuba Conflict (आज समाज), वॉशिंगटन : डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के साथ ही वैश्विक राजनीतिक माहौल लगातार बदल रहा है। अमेरिका ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों पर अपनी ताकत दिखाई है। फिर चाहे वह टैरिफ के रूप में आर्थिक शक्ति का प्रदर्शन हो या फिर वेनेजुएला और ईरान के खिलाफ सैन्य शक्ति का प्रदर्शन।
हालांकि टैरिफ मामले में भी जहां कई जगह अमेरिका को मुंह की खानी पड़ी वहीं ईरान में सैन्य कार्रवाई करने के बाद भी अमेरिका को काफी ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि अमेरिकी राष्टÑपति इसे अपनी जीत बता रहे हैं लेकिन यह पूरी तरह सत्य नहीं है। वहीं अब अंदेशा जताया जा रहा है कि अमेरिका ईरान के बाद क्यूबा को निशाना बनाने की सोच रहा है।
इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि जनवरी से ही अमेरिका ने वेनेजुएला से क्यूबा को हो रही तेल सप्लाई को लगभग रोक दिया है। दूसरे देशों को भी चेतावनी दी जा रही है कि वे क्यूबा को तेल न दें। हाल ही में अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने कोलंबिया से क्यूबा जा रहे एक तेल टैंकर को भी रोक लिया।
तेल सप्लाई न होने से संकट में फंसा क्यूबा
इसका असर क्यूबा में साफ दिख रहा है। 9 जनवरी के बाद से वहां कोई बड़ी तेल सप्लाई नहीं पहुंची है। वहां हालात तेजी से खराब हो रहे हैं। क्यूबा के ब्लैक मार्केट में पेट्रोल करीब 35 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गया है। रोजाना बिजली कट रही है। अस्पतालों में सर्जरी टल रही हैं। दवाइयों की कमी हो रही है और खाने की समस्या बढ़ रही है। इन हालात में क्यूबा की सरकार पर दबाव बढ़ गया है।
इसलिए बढ़ी क्यूबा पर अमेरिकी हमले की आशंका
अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ की हवाना यात्रा के बाद क्यूबा में अमेरिकी हमले की आशंका बढ़ गई है। क्यूबा सरकार ने संभावित सैन्य टकराव को देखते हुए युद्ध जैसी तैयारियां तेज कर दी हैं। देशभर में लोगों को गुरिल्ला युद्ध की ट्रेनिंग दी जा रही है और आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हवाना में कई सरकारी इमारतों को संभावित अमेरिकी हमले की स्थिति में तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। आपको बता दें की क्यूबा लंबे समय से अमेरिकी तेल नाकेबंदी और आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में बिजली कटौती, ईंधन संकट और जरूरी सामानों की कमी बनी हुई है।
ये भी पढ़ें : Ukraine Attack on Russia : यूक्रेन ने रूस पर किया ड्रोन अटैक, चार की मौत


