जहाज डूबा, 101 लोग लापता, 78 घायल
US-Iran War Breaking News (आज समाज), कोलंबो : ईरान के खिलाफ पिछले करीब छह दिन से अमेरिका और इजरायल मिलकर हमले कर रहे हैं। ईरान भी इन हमलों का जवाब दे रहा है और यह युद्ध करीब पूरे पश्चिमी एशिया में फैल चुका है। बुधवार को इसी के बीच अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत पर उस समय हमला किया जब वह भारत की सीमा से गुजरता हुआ श्रीलंका के पास पहुंचा था।
अधिकारियों के मुताबिक, एक ईरानी जहाज पर कथित पनडुब्बी से हमले के बाद 101 लोग लापता हैं। इसके अलावा, 78 लोग घायल हुए हैं। यह घटना बुधवार को श्रीलंका के तटवर्ती जलक्षेत्र में हुई। जहाज की ओर से आपातकालीन संदेश भेजे जाने के बाद श्रीलंका की नौसेना ने खोज और बचाव अभियान शुरू किया। नौसेना ने पुष्टि की कि कई लोग घायल हुए हैं और बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं।
इस तरह शुरू हुआ बचाव अभियान
रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि ईरानी जहाज से आपात संकेत मिलने के तुरंत बाद श्रीलंकाई नौसेना ने बचाव अभियान के लिए अपने जहाज भेजे। प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि नौसेना ने 32 घायलों को सुरक्षित निकाल लिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले घायलों की जो संख्या बताई गई थी, अब उसमें संशोधन किया गया है। विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने पहले संसद सदस्यों को बताया था कि डूबते जहाज से कर्मियों को उपचार के लिए तट पर लाया गया है।
हालांकि, उन्होंने अभियान से जुड़ी ज्यादा जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि श्रीलंका इस घटना पर उचित कदम उठाएगा। फिलहाल जहाज की पहचान, उस पर सवार लोगों की कुल संख्या और कथित पनडुब्बी हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। श्रीलंकाई रक्षा अधिकारियों और ईरानी अधिकारियों की ओर से से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
यह बोले अमेरिकी रक्षा मंत्री
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बुधवार को दावा किया कि अमेरिकी नौसेना की एक पनडुब्बी ने ईरान के युद्धपोत आईआरआईएस देना को टॉरपीडो से निशाना बनाकर हिंद महासागर में डुबो दिया। हेगसेथ ने कहा, कल हिंद महासागर में एक अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत को डुबो दिया, जिसे लग रहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में सुरक्षित है। लेकिन उसे टॉरपीडो से निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार किसी दुश्मन जहाज को टॉरपीडो से डुबोया गया है। उस युद्ध की तरह हम जीतने के लिए लड़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Bihar Breaking News : क्या नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजेगी भाजपा ?


