करनाल से खाटू श्याम जा रहे थे 3 परिवार
Road Accident Death, (आज समाज), जींद: हरियाणा के जींद में राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर एक भीषण सड़क हादसे में 1 महिला सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक दोनों पुरुष आपस में समधी थे, जबकि महिला साली थी। दोनों की पत्नियां घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
शुरूआती में जांच में सामने आया कि परिवार की कार के सामने आगे अचानक कुत्ता आ गया। इससे कार हल्की दुर्घटना ग्रस्त हो गई। परिवार के लोग कार से उतर हादसे का जायजा ले रहे थे कि तभी ट्रक ने उन्हें और कार को टक्कर मार दी। ड्राइवर और हेल्पर सुरक्षित तो बच गए, लेकिन मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार का अगला हिस्सा हुआ था क्षतिग्रस्त
प्राप्त जानकारी अनुसार करनाल के सेक्टर-8 पार्ट-2 निवासी धर्मपाल वासन (45) अपनी पत्नी नीतू (40), साली स्वीटी (40) और सेक्टर 13 निवासी अपने समधी राजकुमार (50), उनकी पत्नी रितु (42) के साथ कार से राजस्थान के खाटू श्याम जा रहे थे। जब ये लोग लजवाना कलां गांव के पास एनएच-152डी पर पहुंचे तो कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी को चोटें नहीं आई। इसके बाद सभी कार से उतर गए।
कार रोक स्थिति का जायजा ले रहे थे, तभी पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
सभी कार की स्थिति का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार और उन्हें भी जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में धर्मपाल, उनके समधी राजकुमार और साली स्वीटी की मौके पर ही मौत हो गई। नीतू और रितु गंभीर रूप से घायल हो गई।
टक्कर इतनी जोर से लगी कि कार और ट्रक दोनों सड़क किनारे खाई में पलट गए। मृतकों के शव भी खाई में जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस और आसपास के लोगों ने शव को खाई से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जुलाना थाना पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
बच्चों के कनाडा से आने पर होगा मृतकों का अंतिम संस्कार
पुलिस के मुताबिक, तीनों परिवार शनिवार की सुबह 4 बजे घर से निकले थे और 7 बजे हादसा हो गया। तीनों परिवारों के बच्चे कनाडा में रहते है। परिवार ने उन्हें सूचना दे दी है, उनके आने के बाद ही तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Venezuela Earthquake : दो दिन बाद वेनेजुएला में फिर कांपी धरती, 4.9 की गति से आया भूकंप


