
पीएम पर भी साधा निशाना, कहा- मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प कंट्रोल करते हैं
West Bengal Assembly Election, (आज समाज), कोलकाता: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली में रैली की। चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, टीएमसी ने बंगाल में कोई काम नहीं किया। उन्होंने लोगों को रोजगार नहीं दिया। टीएमसी की खराब सरकार की वजह से ही आज बंगाल में बीजेपी का रास्ता खुल रहा है।
ममता बनर्जी की सरकार में महिलाओं पर अत्याचार हुआ है। राहुल ने कहा, मेरे ऊपर 36 केस हैं क्योंकि मैं बीजेपी से लड़ता रहता हूं। ईडी ने मेरे से 55 घंटे पूछताछ की। मेरा घर ले लिया गया था। लेकिन ममता जी के साथ ऐसा क्यों नहीं हुआ। क्योंकि जो ममता बंगाल में कर रही हैं, मोदी जी देश में कर रहे हैं।
पीएम ने अमेरिका को देश का कृषि सेक्टर बेच दिया
उन्होंने कहा कि मोदी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, पर उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प कंट्रोल करते हैं। मोदी ने अमेरिका को हमारे देश का कृषि सेक्टर बेच दिया। आप जानते हो कि देश में जहां भी नरेंद्र मोदी जाते हैं, वो सिर्फ नफरत फैलाते हैं। कुछ साल पहले कांग्रेस ने देशभर में भारत जोड़ो यात्रा की। कांग्रेस के दौर में बंगाल में उद्योग थे।
हिमंत बिस्वा सरमा बोले- असम में सेंचुरी और बंगाल में डबल सेंचुरी बनाएंगे
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आज कोलकाता में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि इस बार हम असम में सेंचुरी और बंगाल में डबल सेंचुरी बनाएंगे। मैं भरोसे से कह सकता हूं कि बंगाल में पहले चरण में ही भाजपा 110 सीटें जीत चुकी है।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से आने वालों के कारण अगले दो दशकों में असम और बंगाल में हिंदू अपना बहुमत का दर्जा खो देंगे। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी को पहले फेज की 152 सीटों में से 125 से 135 सीटें मिलेंगी। ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
अमित शाह ने हावड़ा में रोड शो किया, लापरवाही बरतने पर चुनाव आयोग पांच अफसर सस्पेंड किए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रोड शो किया। इधर, चुनाव आयोग ने लापरवाही बरतने और निष्पक्षता नहीं रखने पर पांच अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंड अधिकारियों में एएसपी और एसडीपीओ भी शामिल हैं।
भाजपा के खेमे में घबराहट
टीएमसी के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, पहले फेज के बाद भाजपा के खेमे में घबराहट है। वे पत्रकारों को फोन कर यह नैरेटिव चलवाने की कोशिश कर रहे हैं कि भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
यह भी पढ़ें : NDA Rajya Sabha: राज्यसभा में मजबूत एनडीए, बहुमत के लिए 18 सांसदों की दरकार

