
भागीरथपुरा के 16 बच्चों समेत 201 लोग अब भी अस्पतालों में भर्ती
Dirty Water Death, (आज समाज), भोपाल: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि सरकार का मानना है कि इस मामले में केवल 4 ही लोगों की मौत हुई है। मध्य प्रदेश सरकार ने गंदे पानी से मौत के मामले में आज हाईकोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश की है। हाईकोर्ट में पेश रिपोर्ट में सरकार ने 4 लोगों की मौत का जिक्र किया है। जबकि 15 मौतों की जानकारी सामने आ चुकी है। इनमें 5 महीने के मासूम बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं।
गुरुवार को महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की लैब रिपोर्ट में भी पानी में सीवेज मिलने की पुष्टि हो चुकी है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी और सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी खुद पाइपलाइन लीकेज व पानी में सीवेज मिला होने की बात कह चुके हैं। मंत्री विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र के भागीरथपुरा के 16 बच्चों समेत 201 लोग अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी मांगी रिपोर्ट
हाईकोर्ट ने जनहित याचिका पर सुनवाई की अगली तारीख 6 जनवरी तय की है। वहीं, इंटर विनर (हस्तक्षेप कर्ता) गोविंद सिंह बैस की ओर से मीडिया में रिपोर्ट पब्लिश करने पर रोक लगाने की मांग की गई। इस पर कोर्ट ने कोई टिप्पणी नहीं की। इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसके लिए दो सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
इस पाप का प्रायश्चित करना होगा: उमा भारती
अब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का विरोध इंदौर के साथ ही भोपाल, जबलपुर, रतलाम और नर्मदापुरम में भी हो रहा है। वहीं, पूर्व सीएम उमा भारती ने इसे सीएम मोहन यादव के लिए परीक्षा की घड़ी बताया। इस पाप का प्रायश्चित करना होगा।
साफ पानी अहसान नहीं, जीवन का अधिकार: राहुल गांधी
वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि साफ पानी अहसान नहीं, जीवन का अधिकार है। इस अधिकार की हत्या के लिए इखढ का डबल इंजन, उसका लापरवाह प्रशासन और संवेदनहीन नेतृत्व पूरी तरह जिम्मेदार है।
निगम कमिश्नर दिलीप यादव को हटाया
इंदौर में दूषित पानी से मौतों के मामले में मोहन सरकार ने नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव को हटा दिया है। वहीं, एडिशनल कमिश्नर रोहित सिसोनिया और इंचार्ज सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव को सस्पेंड कर दिया गया है। इससे पहले नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव और एडिशनल कमिश्नर रोहित सिसोनिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। एडिशनल कमिश्नर सिसोनिया का ट्रांसफर किया गया था। वहीं, इंचार्ज सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया था।

