अमेरिका और ईरान एक दूसरे पर कर रहे हमले, इजराइल और हिज्बुल्लाह में भी जारी संघर्ष
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन/तेहरान : पश्चिम एशिया में तनाव समाप्त होने की ज्यादा उम्मीद अभी दिखाई नहीं दे रही। अमेरिका और ईरान में जहां एक तरफ युद्धविराम है वहीं दोनों एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच भी संघर्ष जारी है जिसके चलते इजराइल लगातार लेबलान पर हमल कर रहा है।
शांति वार्ता की कोशिशों के बीच ईरान ने साफ कहा है कि जब तक प्रतिबंध नहीं हटते और उसकी संपत्तियां जारी नहीं होतीं, तब तक स्थायी शांति संभव नहीं है।उधर इस्राइल और हिज्बुल्लाह के बीच भी संघर्ष जारी है। लेबनान में हाल ही में इस्राइली हमले में तीन लेबनानी सैनिक मारे गए। ईरान चाहता है कि इस्राइल-हिज्बुल्लाह मोर्चे पर भी पूर्ण युद्धविराम हो, जबकि इस्राइल सैन्य कार्रवाई जारी रखने के संकेत दे रहा है।
अमेरिका-ईरान तनाव में आया नया मोड़
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग अब उन ईरानी संपत्तियों का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहा है, जिन्हें प्रतिबंधों के तहत जब्त किया गया था। इन पैसों से खाड़ी देशों में युद्ध और हमलों से हुए नुकसान की भरपाई करने की योजना बनाई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन चाहता है कि ईरान अपने हमलों से हुए नुकसान की आर्थिक कीमत भी चुकाए। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से लेकर लेबनान तक हालात लगातार विस्फोटक बने हुए हैं।
यह योजना बना रहा अमेरिका
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की योजना है कि जब्त ईरानी संपत्तियों का इस्तेमाल खाड़ी देशों के पुनर्निर्माण में किया जाए। इसमें सऊदी अरब, कतर, बहरीन, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल हैं, जिन्हें हाल के महीनों में ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि खाड़ी देशों से यह आकलन लिया जाए कि युद्ध में हुए नुकसान की मरम्मत के लिए कितनी रकम की जरूरत होगी। इसके बाद यह देखा जाएगा कि जब्त ईरानी संपत्तियों को कानूनी रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं।
ईरान अमेरिका से यह मांग कर रहा
दूसरी तरफ ईरान लगातार कह रहा है कि किसी भी समझौते से पहले उसके अरबों डॉलर के फंड को जारी किया जाए और प्रतिबंध हटाए जाएं। बताया जा रहा है कि ईरान करीब 24 अरब डॉलर की जमी हुई संपत्तियों को छुड़ाने की मांग कर रहा है। अमेरिकी सेना ने शनिवार तड़के ईरान के गोरोख और केश्म द्वीप स्थित रडार ठिकानों पर हमला किया।
अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा बने ईरानी ड्रोन को रोकने के लिए की गई। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल दाग दीं। कुवैत के अनुसार सात बैलिस्टिक मिसाइल आबादी वाले इलाकों के ऊपर से गुजरीं, जिससे कुछ इमारतों को नुकसान हुआ। हालांकि किसी की मौत नहीं हुई।
ये भी पढ़ें : LPG Cylinder Price Hike : रसोई गैस के बढ़े दाम, घरेलू सिलेंडर 29 रुपए हुआ महंगा


