फतेहाबाद से सवारियां लेकर टोहाना जा रही थी प्राइवेट बस, चालक पर लगा लापरवाही का आरोप
Haryana Breaking News (आज समाज), फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद में आज सुबह उस समय एक दर्दनाक हादसा हो गया जब सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खेतों के किनारे खेतों में पलट गई। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय 52 सीटर बस सवारियों से भरी हुई थी। हादसे के कारण तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 12 को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
तेज गति से बस चला रहा था चालक
बस में सवार यात्रियों ने ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाया। गांव चंदड निवासी यात्री राममेहर ने बताया कि ड्राइवर शुरू से ही तेज गति से बस चला रहा था। गांव भोडी के पास जैसे ही कट आया, ड्राइवर ने तेजी से बस मोड़ी और वो बेकाबू होकर खेत में जा पलटी।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार बस में करीब 50-55 सवारियां थीं। स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जाएगा। हादसे की सूचना पर राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाने में मदद की और प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Agreement : जंग खत्म, अमेरिका-ईरान 19 जून को करेंगे समझौते पर हस्ताक्षर
ये भी पढ़ें : PM Modi Slovakia Visit : पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे


