Weather Update : कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत

0
187
Weather Update : कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत
Weather Update : कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत

कश्मीर घाटी और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ ठंडी हवाओं ने बढ़ाई मैदानी राज्यों में ठंड

Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते समस्त उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर का सामना कर रहा है। लगातार हो रही बर्फबारी से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर से लेकर यूपी और दिल्ली तक सभी उत्तरी राज्य घने कोहरे की चपेट में रहे। दृश्यता कम होने से दिल्ली में 66 उड़ानें रद्द हुई हैं। ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है।

हिमाचल और कश्मीर में कई जगह पारा शून्य से नीचे

कश्मीर घाटी में गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 7.0 डिग्री, पहलगाम में माइनस 6.2 और श्रीनगर में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल के ताबो में माइनस 6.8, कुकुमसेरी में -6.2, कल्पा में तापमान -3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तराखंड में केदारनाथ समेत कुछ इलाकों में हिमपात होने से पहाड़ों पर सफेद चादर बिछ गई है। मुनस्यारी में लंबे समय से बर्फबारी नहीं होने से काली पड़ रही हिमालयी चोटियों पर अब बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।

अभी ठंड से राहत के नहीं हैं आसार

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार साल की शुरूआत के साथ ही उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में मौसम ने कंपकंपा देने वाला बफीर्ला रुख अख्तियार कर लिया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ठंड, शीतलहर तथा घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इस तीखी और कड़कड़ाती ठंड के लिए पश्चिमी विक्षोभ के साथ ऊपरी वायुमंडल की तेज हवाओं का साथ विशेष रूप से जिम्मेदार है।

जेट स्ट्रीम भी बना रही सर्दी को तीव्र

इसके अलावा उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय है, जहां हवा की गति लगभग 140 नॉट तक दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यही मौसमी परिस्थितियां उत्तर भारत में सर्दी के प्रकोप को और तीव्र बना रही हैं। मध्य प्रदेश में नए साल के पहले ही दिन मौसम ने अचानक करवट ली। राज्य के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय 16 जिलों में घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि 5 जिलों में बादल छाए रहे।

ये भी पढ़ें : Prayagraj Magh Mela : संगम घाट पर शुरू हुआ माघ मेला

  • TAGS
  • [post_tags]