LPG Crisis : देश में नहीं है एलपीजी की किल्लत : पेट्रोलियम मंत्रालय

0
243
LPG Crisis : देश में नहीं है एलपीजी की किल्लत : पेट्रोलियम मंत्रालय
LPG Crisis : देश में नहीं है एलपीजी की किल्लत : पेट्रोलियम मंत्रालय

कहा, कई जगहों पर अफवाहों के चलते ग्राहक घबराहट में कर रहे खरीदारी

LPG Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिम एशिया संकट के बीच देश के पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक बार फिर से स्पष्ट किया है कि देश में र्इंधन की कमी नहीं है। लोगों को केवल अफवाहों से बचने और जागरूक होने की जरूरत है। मौजूदा स्थिति संबंधी जानकारी देते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी दी।

उन्होंने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात के बावजूद आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एलपीजी वितरकों के पास आपूर्ति की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। कल लगभग पचानवे फीसदी बुकिंग आॅनलाइन की गई थीं। लगभग बयासी फीसदी डिलीवरी को प्रमाणीकरण कोड से प्रमाणित किया गया। पिछले दो दिनों में 1.04 करोड़ बुकिंग के मुकाबले 92 लाख सिलिंडर वितरित हुए।

वाणिज्यिक एलपीजी में शानदार वृद्धि की

वाणिज्यिक एलपीजी की उपलब्धता में सरकार ने करीब सत्तर फीसदी की वृद्धि की है। ढाबों, रेस्तरां और औद्योगिक कैंटीनों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रवासी श्रमिकों को भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी को पर्याप्त एलपीजी मिले।

पेट्रोल और डीजल के पर्याप्त भंडार

देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। कुछ स्थानों पर ग्राहकों द्वारा घबराहट में की जा रही खरीदारी (पैनिक बाइंग) की खबरों के बीच, सरकार ने देश के ऊर्जा बाजार को स्थिर रखने के लिए कई स्तरों पर त्वरित उपाय किए हैं। शर्मा ने बताया कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। रिफाइनरियां सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं और कच्चे तेल का भंडार भी पर्याप्त है।

कुछ स्थानों पर घबराहट में खरीदारी देखी गई है, लेकिन नागरिकों को आश्वस्त किया गया है। घरेलू बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सरकार ने उत्पाद शुल्क में कमी की है। पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क दस रुपये घटाया गया है। सरकार ने डीजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए निर्यात शुल्क भी लगाया है। उन्होंने अफवाहों पर विश्वास न करने और जरूरत के हिसाब से ईंधन इस्तेमाल करने का अनुरोध किया। प्राकृतिक गैस की घरेलू उपयोग के लिए शत प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 3700 तो चांदी सात हजार रुपए हुई महंगी

  • TAGS
  • [post_tags]