तेजी से कवर कर रहा देश के कई राज्य, इसी सप्ताह उत्तर प्रदेश पहुंचने की उम्मीद
Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिमी मानसून लंबी ब्रेक के बाद तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून मंगलवार को मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई नए हिस्सों, तेलंगाना और ओडिशा के शेष भागों, तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और इलाकों में पूरी तरह प्रवेश कर गया है।
इससे इन क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो रही है। वहीं आईएमडी के वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इससे यह उम्मीद लगाई जा रही है कि यह आने वाले कुछ दिनों में देश के ज्यादात्तर हिस्सों को कवर कर लेगा। जिससे देश के ज्यादात्तर हिस्सों में अच्छी बारिश होगी और फसल बिजाई के कार्य में तेजी आएगी।
मध्य व उत्तर भारत में स्थिति विपरीत
एक तरफ जहां दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है। वहीं दूसरी ओर मध्य और उत्तर भारत के कुछ इलाके अब भी भीषण लू की चपेट में हैं। हालांकि, कुछ दिनों के ठहराव के बाद तेजी से आगे बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन-चार दिनों में उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे उत्तर भारत को भी भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
इन राज्यों में लू का अलर्ट
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, देश के मध्य और उत्तर क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा अब भी भट्टी की तरह तप रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश अगले 4 से 5 दिनों तक भीषण लू की चपेट में रहेगा, यहां गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं। महाराष्ट्र का विदर्भ, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में भी अगले 2 से 3 दिनों तक लोगों को झुलसाने वाली गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।


