Sergio Gor : भारत-अमेरिकी संबंध मजबूत भरोसे पर टिके : सर्जियो गोर

0
71
Sergio Gor : भारत-अमेरिकी संबंध मजबूत भरोसे पर टिके : सर्जियो गोर
Sergio Gor : भारत-अमेरिकी संबंध मजबूत भरोसे पर टिके : सर्जियो गोर

कहा, दोनों देशों के नेतृत्व के बीच मजबूत विश्वास ने वैश्विक स्तर पर सहयोग ने नए दरवाजे खोले

Sergio Gor (आज समाज), नई दिल्ली : भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक बार फिर से भारत और अमेरिका के बीच आपसी संबंधों पर बड़ा बयान दिया है। दरअसल अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोर ने कहा कि विश्व के ये दो सबसे बड़े लोकतंत्र वाले देशों के आपसी रिश्ते बहुत मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि ये रिश्ते मजबूत भरोसे और असीम संभावनाओं से परिपूर्ण हैं। गोर ने कहा कि दोनों देशों के नेतृत्व के बीच मजबूत विश्वास ने वैश्विक स्तर पर सहयोग के नए दरवाजे खोले हैं।

उन्होंने कहा, रक्षा के मामले में भारत अमेरिका के साथ किसी भी अन्य देश से ज्यादा सैन्य अभ्यास करता है। निर्यात के मामले में किसी अन्य देश की तुलना में भारत सबसे ज्यादा निर्यात अमेरिका को करता है। अमेरिकी राजदूत ने कहा, दुनियाभर के सभी दूतावास निवेश को वापस अपने देश लाने की होड़ में रहते हैं। इस साल हम बहुत उत्साहित थे, क्योंकि हम वास्तव में 20.5 अरब डॉलर के नए निवेश के साथ दुनिया में पहले स्थान पर आए, जिसकी ‘सेलेक्ट यूएसए’ (अमेरिकी सरकार निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम) में घोषणा हुई। हम आपके लिए खुले हैं। हम आपके साथ काम करना चाहते हैं। हम इस संबंध और साझेदारी को अगले स्तर तक ले जाना चाहते हैं।

अमेरिका को भारत पर पूरा भरोसा

गोर ने कहा कि भारत अमेरिका में एक जीवंतता लाता है और अमेरिका भारत में एक जीवंतता लाता है। मुझे पूरा भरोसा है कि ढाई सौ साल बाद भी हमारे दोनों देश अच्छे मित्र होंगे, अगर आज से बेहतर नहीं तो कम से कम उतने ही, अच्छे जितने आज हैं। अमेरिकी राजदूत ने आगे कहा, जब अमेरिका ने ‘पैक्स सिलिका’ नाम की एक नई पहल की घोषणा की, तो भारत उन पहले 10 देशों में शामिल था, जिन्हें इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।

इसका कारण है कि हमें भारत पर भरोसा है। जब अमेरिका को दवाइयों की जरूरत होती है, तो आज हमारी 40 फीसद जेनेरिक दवाइयां भारत से आती हैं। ऐसा क्यों है? क्योंकि हमें भारत पर भरोसा है। आज सुबह मैं दिल्ली में आपके वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और हमारे व्यापार प्रतिनिधि के साथ बैठक में था। यहां आने के बाद मेरे शुरूआती लक्ष्यों में से एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना था और हम उसे लगभग पूरा करने के बहुत करीब हैं।

ये भी पढ़ें : Monsoon Update : लंबी ब्रेक के बाद मानसून ने दोबारा पकड़ी गति