जुलाई के पहले सप्ताह में एंट्री की उम्मीद, जून के अंत में प्री मानसून गतिविधियां होंगी तेज
Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिम मानसून लंबी ब्रेक के बाद अब तेजी से आगे की तरफ बढ़ रहा है। इसके साथ ही यह देश के कई राज्यों को कवर कर रहा है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसी के चलते भारतीय मौसम विभाग ने यह अनुमान जताया है कि उत्तर भारत में मानसून की तय समय पर एंट्री होगी।
यह संभवत: जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तर भारत में प्रवेश कर सकता है। वहीं यह भी संभावना जताई गई है कि दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा, पंजाब व अन्य राज्यों में जून के अंत में प्री मानसून गतिविधियों में तेजी आएगी। अब तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है।
अगले तीन से चार दिन में इन राज्यों को करेगा कवर
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। दूसरी ओर, पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में पूरे सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन-चार दिनों तक तथा बिहार और झारखंड में अगले दो दिनों तक लू चलने की आशंका भी जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और तूफान का दौर
आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 30 जून से एक जुलाई के बीच, हिमाचल प्रदेश में 30 जून से एक जुलाई और उत्तराखंड में 29 जून से एक जुलाई तक व्यापक वर्षा की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 29 जून से एक जुलाई के बीच उत्तराखंड में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें : Madhya Pradesh Breaking News : मध्यप्रदेश के रतलाम में ताजिए के दौरान फैला करंट, दो की मौत, 15 घायल


