Ganderbal Bus Accident News: अमरनाथ यात्रा पूरी कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के मंदसौर से आए अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस हरिगनिवान इलाके के एस-मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से करीब 30 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ, सेना के जवान और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
बालटाल से कटरा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई बस अमरनाथ यात्रा पूरी करने के बाद बालटाल से कटरा की ओर जा रही थी। बस में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के श्रद्धालु सवार थे। मंगलवार सुबह गांदरबल जिले के गुंड इलाके में हरिगनीवान के एस-मोड़ के पास यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद बस सड़क से फिसलकर पहाड़ी क्षेत्र में नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे के बाद राहत कार्य में कई एजेंसियां जुट गईं। रेस्क्यू टीम ने मुश्किल भरे पहाड़ी इलाके में पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एसडीएच कंगन अस्पताल पहुंचाया गया।
30 यात्री घायल, कुछ की हालत गंभीर
अधिकारियों के मुताबिक हादसे में करीब 30 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें से कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। सिर में चोट लगने वाले दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एसकेआईएमएस सौरा रेफर किया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि हादसे में किसी भी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार अन्य घायल यात्रियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
बस में करीब 40 श्रद्धालु थे सवार
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बस में लगभग 40 अमरनाथ यात्री मौजूद थे। दुर्घटनाग्रस्त बस का रजिस्ट्रेशन नंबर AR11 D5655 बताया गया है। अधिकारी के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद सभी संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया गया और बचाव अभियान बिना देरी के शुरू किया गया। प्रशासन ने घायलों के इलाज और अन्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस के अनियंत्रित होने की असली वजह क्या थी।


