पाकिस्तान भेज रहा था खुफिया जानकारी, पकड़ा गया आरोपी पंजाब के तरनतारन जिले का मूल निवासी
Chhattisgarh Breaking News (आज समाज), रायपुर : सेना व देश से जुड़ी खुफिया और अहम जानकारी पाकिस्तान आईएसआई को भेजने के आरोप में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा एरिया से पंजाब के युवक को सुरक्षा एजेंसियों ने छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक पर आरोप हैं कि वह सोशल मीडिया के जरिये सीधे तौर पर पाकिस्तान एजेंटों के सीधे संपर्क में था। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी की पहचान सेवक सिंह के रूप में हुई है।
वह पाकिस्तान समर्थित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था। जांच के दौरान सीमा पार से हथियारों की आपूर्ति संबंधी बात भी सामने आई हैं। सिंह को अकलतरा कस्बे में किराएदार सत्यापन अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। वह मिनीमाता चौक के पास एक किराए के मकान में रह रहा था। सत्यापन के दौरान वह संदिग्ध पाया गया।
आरोपी के फोन से मिली संदिग्ध सामग्री
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अकलतरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उसके मोबाइल फोन की जांच से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। यह सामग्री आईएसआई नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के साथ संचार का संकेत देती है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपी ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख व्यक्तियों और वाहनों से संबंधित जानकारी विदेशी संपर्कों के साथ साझा की है।
ऐसी जानकारी की प्रामाणिकता और सीमा का सत्यापन किया जा रहा है। उसका मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। डिजिटल साक्ष्यों और संपर्क नेटवर्क का विश्लेषण जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान समर्थित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था। जांच में सीमा पार से हथियारों की आपूर्ति से संबंधित बात भी सामने आई हैं। हालांकि, इन पहलुओं का सत्यापन जांच के दौरान किया जाएगा। पांडे ने बताया कि सिंह के संपर्कों, संभावित सहयोगियों और कथित नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : शांति वार्ता के बीच ट्रंप के बयान से बढ़ी तल्खी


