कहा, अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई से ईरान का बुरा दौर जल्द खत्म होगा
US-Iran War Breaking News (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह दावा किया है कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त प्रहार से ईरान बैकफुट पर है और उसका बहुत बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। ट्रंप ने यह दावा किया कि इस सैन्य कार्रवाई के आगे ईरान जल्द ही घुटने टेकने को मजबूर हो जाएगा। जिसके बाद ईरान में लंबे समय से चले आ रहे बुरे दौर का अंत हो जाएगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट में कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। उन्होंने इसे ईरानी जनता और दुनिया भर के उन लोगों के लिए न्याय बताया, जिन्हें खामेनेई और उनके समर्थकों ने नुकसान पहुंचाया।
मुझे पता है ईरान का अगला नेता कौन होगा
ट्रंप ने कहा कि खामेनेई हमारे खुफिया तंत्र और अत्याधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं पाए। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने इस कार्रवाई में इजरायल के साथ मिलकर काम किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी चैनल से बातचीत में कहा कि अगर ईरान की मौजूदा सरकार गिरती है, तो उन्हें काफी साफ अंदाजा है कि ईरान का अगला नेतृत्व कौन होगा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल के हवाई हमलों में ईरान की कई उच्च नेता मारे गए हैं और अमेरिका के पास स्पष्ट जानकारी है कि नए नेतृत्व के लिए किसे देख रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आॅपरेशन बहुत शक्तिशाली रहा और कई ईरानी नेता अब असक्षम हैं।
मार्को रुबियो का इजरायल दौरा रद
ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस हफ्ते होने वाला अपना इजरायल दौरा रद्द कर दिया है। यह जानकारी अमेरिकी विदेश विभाग ने दी है। मार्को रुबियो को सोमवार और मंगलवार को इजरायल की यात्रा पर जाना था। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उनका दौरा रद्द कर दिया गया है। अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों के कारण विदेश मंत्री 2 मार्च को इजरायल की यात्रा नहीं करेंगे। कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरान के राजदूत अली सालेह अबादी को तलब किया और कहा कि कतार पर हमला अंतरराष्ट्रीय कानून और देश की संप्रभुता का उल्लंघन है। राजदूत को चेतावनी दी गई कि हमलों की लगातार जारी रहने से दोनों देशों के संबंधों पर गंभीर असर पड़ेगा।


