तेहरान में हर तरफ धुंआ और आग, लोगों में अफरातफरी
US-Iran War Update (आज समाज), तेहरान : अमेरिका के ऐलान के बाद ईरान पर हमले तेज हो गए हैं। ताजा जानकारी में अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर जोरदार हमले शुरू कर दिए हैं। ताजा हमले ईरान के तेल भंडारों पर किए जा रहे हैं। इससे तेहरान धमाकों से गूंज उठा और चारों तरफ आग और धूंए के गुबार नजर आ रहे हैं। ताजा हमलों के बाद राजधानी के लोगों में अफरातफरी मच गई है।
इन हमलों की पुष्टि करतेह हुए इजरायल ने स्वीकार किया है कि तेहरान में कई फ्यूल स्टोरेज कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया। हमलों के बाद शहर के कई इलाकों में आग और घना धुआं फैल गया। ईरानी मीडिया के अनुसार दक्षिण तेहरान में स्थित एक तेल डिपो पर भी हमला हुआ। यह पहली बार बताया जा रहा है कि ईरान के तेल ढांचे को इस स्तर पर निशाना बनाया गया है।
हर तरफ धुंआ ही धुंआ
हमलों के बाद तेहरान और आसपास के इलाकों में भारी धुआं फैल गया। शहर में रहने वाली एक युवती ने बताया कि पूरे शहर में धुआं दिखाई दे रहा था और जलने की गंध महसूस हो रही थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आसमान में आग की ऊंची लपटें दिखाई दीं। बताया गया कि कई जगहों पर रात के समय भी आसमान लाल दिखाई दे रहा था। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तेल की आपूर्ति जारी रहेगी
ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी ने कहा कि तेहरान और अलबोर्ज प्रांत में कुछ ईंधन डिपो पर हमले हुए हैं। हालांकि कंपनी का कहना है कि दोनों प्रांतों में ईंधन की आपूर्ति अन्य स्रोतों से जारी रखी जा रही है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार राजधानी के पश्चिम में करज समेत तीन अलग-अलग इलाकों में भी फ्यूल डिपो को निशाना बनाया गया।
राज्य टीवी ने बताया कि तेहरान के दक्षिण में स्थित एक रिफाइनरी में भी हमले के बाद आग लग गई। इन घटनाओं से पश्चिम एशिया में पहले से चल रहा तनाव और बढ़ गया है। ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सैनिकों को बिना शर्त सरेंडर करने की चेतावनी दी थी। ऐसा न करने पर उन सभी को मार डालने की धमकी भी दी थी। जिसके जवाब में ईरान की तरफ से बयान आया था कि वे अपनी अंतिम सांस तक लड़ाई जारी रखेंगे।


