सात जिलों में लू का अलर्ट, अगले तीन दिन रहेगी ऐसी ही स्थिति
Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : हरियाणा में एक बार फिर से प्रचंड गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार के बाद रविवार को गर्मी ने अपने तेवर खूब दिखाए। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रोहतक में रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार 42.4 डिग्री, नूंह और सिरसा 41.4 डिग्री तथा अंबाला 41.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे।
मौसम का यह मिजाज अगले तीन भी ऐसा ही बना रहने की उम्मीद है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जून तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क और गर्म रहने का पूवार्नुमान जारी किया है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी शुष्क हवाएं चलने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में रविवार को गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली।
11 के सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने यह अनुमान जताया है कि 11 जून से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इससे दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव नजर आएगा। जिसके चलते तापमान गिरेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगा। मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि 20 जून के आसपास प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो जाएंगी। जिससे जहां बारिश का दौर शुरू होगा वहीं लोगों को गर्मी से भी राहत मिलेगी।
सामान्य गति से आगे बढ़ रहा मानसून
देश में तीन दिन देरी से दस्तक देने के बाद मानसून सामान्य गति से देश को कवर कर रहा है। अब तक यह अरब सागर के पश्चिम मध्य हिस्सों, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु व दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के साथ मिजोरम-मणिपुर तक पहुंच गया हैै।
ये भी पढ़ें : Philippines Earthquake : फिलीपींस में शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी


