Indigo issues Advisory : इंडिगो ने फिर जारी की एडवाइजरी

0
482
Indigo issues Advisory : इंडिगो ने फिर जारी की एडवाइजरी
Indigo issues Advisory : इंडिगो ने फिर जारी की एडवाइजरी

कोहरे के चलते उड़ानें प्रभावित होने की जताई संभावना

Indigo issues Advisory (आज समाज), नई दिल्ली : भारतीय विमानन कंपनी इंडिगो ने शनिवार को एक बार फिर से अपनी उड़ानों संबंधी एडवाइजरी जारी की है। इस बार यह एडवाइजरी परिचालन में किसी तरह की कोई तकनीकी समस्या के चलते नहीं बल्कि कोहरे के कारण जारी की गई है। एयरलाइन ने यात्रियों को आगाह किया कि रविवार को दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है, जिससे उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एयरलाइन ने कहा कि कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी या समय-सारिणी में बदलाव हो सकता है।

ऑपरेशन टीमें रख रहीं मौसम पर नजर

जारी बयान में इंडिगो ने बताया कि उसकी ऑपरेशन टीमें पूरी तरह सतर्क रहेंगी और मौसम की स्थिति पर हर मिनट नजर रखी जाएगी, ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा कम से कम हो। मौसमी कारणों से होने वाली दिक्कतों को स्वीकार करते हुए एयरलाइन ने यात्रियों के धैर्य के लिए आभार जताया। एडवाइजरी में कहा गया है कि सुबह के समय कोहरे के कारण दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में दृश्यता अचानक कम हो सकती है, जिसका सीधा असर उड़ान संचालन पर पड़ेगा।

इंडिगो ने दोहराया कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जांच लें। जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित होंगी, वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट के जरिये टिकट फिर से बुक कर सकते हैं या रिफंड का अनुरोध कर सकते हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर 129 उड़ानें रद

घने कोहरे के चलते केवल दिल्ली में ही 129 उड़ानें रद्द हुईं। इनमें 63 प्रस्थान और 66 आगमन वाली थीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय, हवाई अड्डा प्राधिकरण और विभिन्न एयरलाइनों ने मौसम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए सलाह जारी की है और उन्हें अपनी उड़ानों की सही स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलने को कहा गया है।

कोहरे से जनजीवन अस्त व्यस्त

राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तरी भारत कंपकंपाती ठंड और घने कोहरे में लिपटा हुआ है। दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी है और ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी और भी ज्यादा बढ़ा रही हैं। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने और कोहरा गहराने की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं, जिससे मैदानों में ठंड बढ़ना तय है। एक तरफ जहां ठंड के प्रभाव से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं वहीं बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें : Rajasthan Crime News : श्रीगंगानगर में तैनात सैन्य अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

  • TAGS
  • [post_tags]