मौसम विभाग की चेतावनी, आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे में होगा इजाफा
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तरी भारत कंपकंपाती ठंड और घने कोहरे में लिपटा हुआ है। दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी है और ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी और भी ज्यादा बढ़ा रही हैं। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने और कोहरा गहराने की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं, जिससे मैदानों में ठंड बढ़ना तय है। एक तरफ जहां ठंड के प्रभाव से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं वहीं बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है।
सड़क से लेकर हवाई यातायात सब प्रभावित
घने कोहरे की वजह से उत्तर भारत में सड़क, रेल और यहां तक की हवाई यातायात सब प्रभावित हो रहे हैं। धुंध और कोहरे के चलते जहां राजमार्गों पर वाहनों की गति पर ब्रेक लगे हैं वहीं हादसे होने की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं ज्यादात्तर ट्रेन इन दिनों कई-कई घंटे देरी से चल रहीं हैं। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं हवाई यातायात पर भी इसका बहुत ज्यादा प्रतिकूल असर हो रहा है। घने कोहरे के चलते केवल दिल्ली में ही 129 उड़ानें रद्द हुईं। इनमें 63 प्रस्थान और 66 आगमन वाली थीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय, हवाई अड्डा प्राधिकरण और विभिन्न एयरलाइनों ने मौसम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए सलाह जारी की है और उन्हें अपनी उड़ानों की सही स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलने को कहा गया है।
हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना
कश्मीर घाटी में 40 दिन कड़ाके की ठंड का चिल्लेकलां रविवार से शुरू हो रहा है। शनिवार को श्रीनगर में पारा शून्य से नीचे रहा। वहीं दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश, कश्मीर घाटी और लद्दाख में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट आई है। अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और भारी बर्फबारी के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। रविवार को कश्मीर, लद्दाख के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी छाया घना कोहरा
पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों विशेषकर पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी इन दिनों काफी ज्यादा ठंड और कोहरे का प्रभाव देखने को मिल रहा है। वहीं कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इन दिनों में पड़ रही सर्दी और कोहरा फसलों के लिए लाभकारी साबित होगा। इससे गेहूं, सरसों, चना का बंपर उत्पादन होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Rajasthan Crime News : श्रीगंगानगर में तैनात सैन्य अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार


