India-Japan Bilateral Agreements, (आज समाज), नई दिल्ली : भारत और जापान के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। नई दिल्ली में गुरुवार को दोनों देशों के बीच वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की मौजूदगी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के अलावा फार्मा क्षेत्र में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। फिर मोदी और ताकाइची ने ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप दोनों देशों के रिश्तों का सबसे मजबूत स्तंभ
पीएम मोदी ने भारत-जापान के बीच टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को दोनों देशों के रिश्तों का सबसे मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने जापान की सटीक टेक्नोलॉजी और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमताओं को एक साथ लाने के साझा संकल्प को भी दोहराया। पीएम ने उम्मीद जताई कि टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप के लिए भारत-जापान की साझा प्रतिबद्धता व कोशिशें ग्लोबल एआई डेवलपमेंट को बढ़ावा दे सकती हैं।
क्षमताओं का मिलन ग्लोबल एआई डेवलपमेंट को देगा नई गति
मोदी ने कहा, पीएम ताकाइची और मेरा मानना है कि टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप हमारे सहयोग का सबसे मजबूत स्तंभ बनेगी और इस विजन को साकार करने के लिए, हमने आज एआई के क्षेत्र में एक संयुक्त बयान भी जारी किया है। भारतीय एआई इकोसिस्टम के कई प्रमुख संस्थानों ने भी अपने जापानी साझेदारों के साथ आज समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। जापान की सटीक टेक्नोलॉजी और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमताओं का मिलन ग्लोबल एआई डेवलपमेंट को नई गति और मजबूती देगा।
रक्षा क्षेत्र में हुए समझौते का जिक्र
पीएम मोदी ने रक्षा क्षेत्र में हुए समझौते के बारे में कहा, हमने आज भारत और जापान के बीच पहले को-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर हस्ताक्षर किए हैं। यह प्रोजेक्ट – जिसमें नेवल रेडियो एंटीना ‘यूनिकॉर्न’ शामिल है – हमारी रक्षा टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप में एक नया अध्याय खोलेगा। हम अब संयुक्त रूप से ऐसी रक्षा टेक्नोलॉजी विकसित करेंगे जो क्षेत्रीय शांति, समुद्री सुरक्षा और नियमों पर आधारित व्यवस्था को मजबूत करेंगी। पीएम ने यह भी कहा कि आज हुए समझौतों के जरिए हेल्थकेयर के क्षेत्र में दोनों देशों की पार्टनरशिप ग्लोबल हेल्थ सिक्योरिटी में योगदान देगी।
पीएम ताकाइची ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात
जापानी पीएम ताकाइची ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की और इस दौरान राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उन्हें गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक ताकाइची का यह दौरा भारत-जापान के बीच विशेष रणनीतिक तथा वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।
ये भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2026: 5,000 से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शनार्थ रवाना हुए


