एक माह के लिए बढ़ाई समय-सीमा, पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा हम लगातार कच्चा तेल खरीद रहे
Crude Import From Russia (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध से जहां पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर है। वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से विश्व आपूर्ति पर गहरा असर हुआ है। इसी बीच अमेरिका ने एक बड़ा फैसला लेते हुए भारत की रूस से कच्चा तेल की रियायत बढ़ा दी है। अमेरिका द्वारा दी गई छूट के बाद अब भारतीय कंपनियां आने वाले एक माह तक रूस से कच्चा तेल बिना किसी रोकटोक के खरीद सकेंगी। इससे जहां देश में पेट्रोल और डीजल का स्टॉक जमा करने में मदद मिलेगी वहीं जनता को भी तेल किल्लत की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने यह बयान किया जारी
वहीं, अमेरिकी छूट पर भारत ने साफ-साफ कहा कि तेल खरीद के संबंध में दिल्ली के फैसले उसके लोगों के हितों और व्यावसायिक समझ से निर्देशित होते हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की विपणन और तेल रिफाइनरी की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत प्रतिबंध के दौरान भी, छूट के दौरान भी, और अब भी रूस से तेल खरीद रहा है।
पांच दिन में दो बार बढ़ चुके दाम
ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह गुरुवार तक जहां केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय लगातार यह दावा कर रहे थे कि देश में हालात सामान्य हैं और पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे वहीं बीते शुक्रवार को तेल कंपनियों ने दोनों की कीमत में तीन रुपए का इजाफा कर दिया था। इसके बाद आज यानी मंगलवार को इन दोनों की कीमतों में एक बार फिर से 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। जिससे देश की आम जनता पर महंगाई की मार बढ़ रही है। ज्ञात रहे कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर माल भाड़ा बढ़ रहा है और इसके चलते जरूरी वस्तुओं की पहुंच महंगी हो रही है। जिससे इनके दाम बढ़ने की भी पूरी संभावना बन चुकी है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Norway Visit : ग्रीन रणनीतिक साझेदार बने भारत और नॉर्वे


