IMD Weather Update: दिल्ली-NCR में कोहरा, हरियाणा-पंजाब में बढ़ेगी ठंड, पहाड़ों में मौसम का क्या रहेगा हाल?

0
378
IMD Weather Update, Weather Today, 21 November 2026 Weather, Delhi NCR Weather, Dense Fog Alert, India Weather Forecast, आज का मौसम समाचार, दिल्ली-NCR मौसम, आज का मौसम 21 नवंबर 2026, मौसम न्यूज
21 नवंबर को उत्तर भारत के राज्यों में ठंड बढ़ेगी, तो दक्षिण में बारिश की संभावना है।

IMD Weather Update 21 November 2026: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में सर्दियों की दस्तक अब साफ महसूस होने लगी है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट, मैदानी इलाकों में कोहरे की बढ़ती संभावना और पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। वहीं, पूर्वी भारत में चक्रवात ‘अकवन’ के कमजोर पड़ने के बावजूद बारिश और खराब मौसम का असर कुछ राज्यों में जारी रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार 21 नवंबर को दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घने कोहरे की संभावना है। दूसरी ओर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में फिलहाल किसी बड़े सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संकेत नहीं हैं। देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां मौसम को प्रभावित कर सकती हैं।

दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा, दिन में बादल

दिल्ली-NCR में 21 नवंबर को मौसम मिला-जुला रहने वाला है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। दिन में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में भी सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

हरियाणा में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

हरियाणा में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। 21 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। IMD के ने हरियाणा के लिए 21 और 22 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 23 नवंबर से 27 नवंबर तक कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जा सकती है।

पंजाब में सुबह कोहरा, रात में बढ़ेगी ठंड

पंजाब में भी 21 नवंबर को मौसम का मुख्य असर कोहरे और गिरते तापमान के रूप में देखने को मिल सकता है। IMD ने पंजाब के लिए 21 और 22 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, लुधियाना, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, मलेरकोटला, बरनाला, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा समेत अलग-अलग जिलों में सुबह के समय धुंध और कोहरे की स्थिति बन सकती है।

हिमाचल में ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड

हिमाचल प्रदेश में 21 नवंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। IMD के अनुसार 20 से 26 नवंबर तक राज्य में अधिकांश दिनों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश या बर्फबारी की कोई व्यापक संभावना नहीं है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान काफी नीचे बना रह सकता है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान -4 से 8 डिग्री, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 4 से 15 डिग्री और निचले पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों में 3 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

यूपी, बिहार, झारखंड और बंगाल का हाल

पूर्वी भारत में 21 नवंबर को मौसम की गतिविधियां उत्तर भारत से बिल्कुल अलग रहने वाली हैं। चक्रवात अकवन के प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। IMD के अनुसार पश्चिम बंगाल में बारिश का सिलसिला 21 नवंबर तक जारी रह सकता है, जबकि सिक्किम में 23 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। ओडिशा में 21 से 23 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश और 21 नवंबर को अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। बिहार में हल्की बारिश हो सकती है। झारखंड में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 21 और 22 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे का अलर्ट है।

मध्य भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का मौसम

देश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 21 और 22 नवंबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। महाराष्ट्र में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 21 से 25 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 21 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की संभावना बनी रहेगी। आंध्र प्रदेश में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाओं का असर हो सकता है।

  • TAGS
  • [post_tags]