
एक दिन में लगभग 75.7 लाख सिलेंडर की हो रही बुकिंग
LPG Crisis, (आज समाज), नई दिल्ली/चंडीगढ़: भारत सरकार ने कहा, देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है लेकिन स्ट्रेट आॅफ होर्मुज बंद होने से एलपीजी हमारे लिए चिंता का विषय बना हुआ है। सरकार ने बताया कि ईरान जंग के कारण देश में गैस बुकिंग की संख्या में लगभग 20 लाख की बढ़ोतरी हुई है। सरकार की तरफ से पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग एवं आॅयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि जंग से पहले हर रोज औसतन 55.7 लाख सिलेंडरों की बुकिंग होती थी।
अभी एक दिन में लगभग 75.7 लाख गैस बुकिंग हो रही है। यह लोगों के बीच घबराहट के कारण हो रहा है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी कहा, एलपीजी चिंता का विषय है क्योंकि देश का ज्यादातर एलपीजी स्ट्रेट आॅफ होर्मुज से आता है और वह अभी बंद है। हालांकि, हमारे 25,000 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स में से किसी पर भी गैस खत्म होने (ड्राई आउट) की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
राज्यों को अतिरिक्त 48,000 किलोलीटर केरोसिन आवंटन किया
मंत्रालय ने आगे कहा, केंद्र की तरफ से राज्यों को अतिरिक्त 48,000 किलोलीटर केरोसिन आवंटन किया गया है। राज्यों से अपील की गई है कि वे जिलों में केरोसिन बांटने लिए जगह तय करें। वैकल्पिक ईंधन विकल्पों के लिए कोल इंडिया को छोटे, मध्यम और अन्य उपभोक्ताओं को कोयला उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना किसी कटौती के आपूर्ति जारी
सरकार ने कहा कि एलपीजी की पैनिक बुकिंग करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि किसी भी एलपीजी डीलर पर गैस खत्म होने की स्थिति सामने नहीं आई है। 9 मार्च 2026 को जारी नेचुरल गैस आॅर्डर के तहत कई सेक्टर को प्राथमिकता दी गई है। उसी आदेश के अनुसार घरेलू पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति बिना किसी कटौती के जारी है।
कच्चे तेल के लिए 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता
सरकार के मुताबिक, भारत के पास कच्चे तेल के लिए 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता है। सभी रिफाइनरियां इस समय 100% या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं। रिफाइनरियों के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इसके अलावा सप्लाई लगातार जारी है।
देशभर में एलपीजी की किल्लत

उधर, अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देशभर में एलपीजी की किल्लत हो गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लम्बी लाइनें हैं। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी भी हो रही है। कई जगहों पर 2 हजार का कॉमर्शियल सिलेंडर 4 हजार में बिक रहा है। वहीं पंजाब में लोग सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। केरल में करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर है।
जयपुर में सिलेंडर की शवयात्रा निकाली
वहीं राजस्थान के कोटा समेत कई शहरों में हॉस्टल मेस और ढाबों में मजबूरी में लकड़ी, कोयले और इलेक्ट्रिक चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा है। कई शहरों में एजेंसियों पर सुबह 5 बजे से ही लंबी लाइनें लग रही हैं और सिलेंडर न मिलने पर लोगों की पुलिस से झड़प तक हो रही है। इस संकट के बीच सिलेंडर की कालाबाजारी भी हो रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने जयपुर में सिलेंडर की शवयात्रा निकाली।
यूपी में चूड़ी से लेकर पेठा फैक्ट्रियां तक बंद
यूपी में फैक्ट्रियों को गैस सप्लाई नहीं हो रही है। इसका असर पॉटरी, चूड़ी से लेकर पेठा फैक्ट्रियों तक पड़ रहा। बुलंदशहर में एशिया के सबसे बड़े पॉटरी उद्योग पर पड़ा है। यहां 300-325 यूनिट में से 95% पॉटरी यूनिट बंद हैं। 30 हजार से ज्यादा वर्कर्स बेरोजगार हो गए हैं। यही हाल फिरोजाबाद में बनने वाली चूड़ियों और आगरा की पेठा फैक्ट्रियों का है। गैस की सप्लाई नहीं मिलने से भट्ठियां बंद हैं। 55 बड़ी फैक्ट्रियों में से 40 बंद हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: विपक्ष ने संसद परिसर में प्लेकार्ड दिखाकर एलपीजी संकट पर प्रदर्शन किया

