
कुएं में चल रहा था मरम्मत का काम
Gas Leak From ONGC Oil Well, (आज समाज), कोनसीमा: आंध्र प्रदेश में आज ओएनसीजी के तेल कुएं से भारी गैस रिसाव हुआ। घटना उस वक्त हुई, जब कुएं में मरम्मत का काम चल रहा था। हालात को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के तीन गांवों को एहतियातन खाली करा लिया। अभी किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, तेल कुएं से उत्पादन अस्थायी रूप से रोका गया था और मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज ब्लास्ट हुआ और गैस व कच्चा तेल तेजी से ऊपर की ओर निकलने लगा। कुछ ही देर में गैस में आग लग गई और कुएं के पास ऊंची लपटें उठने लगीं।
हालात पर नजर रखे हुए है ओएनसीजी की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही ओएनसीजी की टीमें मौके पर पहुंचीं और गैस रिसाव व आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया है। वरिष्ठ जिला अधिकारी और ओएनसीजी के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दीप इंडस्ट्रीज कर रही कुएं का संचालन
ओएनसीजी के इस कुएं का संचालन दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर रही है। कंपनी को साल 2024 में ओएनसीजी के राजामुंद्री एसेट में उत्पादन बढ़ाने के लिए करीब 1,402 करोड़ रुपए का ठेका मिला था।
प्रशासन की लोगों से अपील
अधिकारियों के अनुसार, गैस और धुएं के घने बादल इरुसुमंदा और आसपास के इलाकों में फैल गए, जिससे पूरे क्षेत्र में धुंध जैसा माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से बिजली के स्विच बंद रखने, गैस चूल्हा न जलाने और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल न करने की अपील की।
ये भी पढ़ें: दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को नहीं मिली जमानत

