Bihar Breaking News : बिहार में पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जली

0
245
Bihar Breaking News : बिहार में पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जली
Bihar Breaking News : बिहार में पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जली

प्लेटफार्म पर ट्रेन खड़ी होने के चलते जल्दी से यात्री बाहर निकल गए, कोई जानी नुकसान नहीं

Bihar Breaking News (आज समाज), गया : देश में दो दिन में दो जगह ट्रेन में आग लगने की घटना सामने आई है। गनीमत यह रही की इन दोनों ही हादसों में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सवारी गाड़ी अचानक धधक उठी। गनीमत यह रही कि जिस समय ट्रेन में आग लगी वह प्लेटफार्म पर खड़ी हुई थी।

सासाराम से आरा होकर पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म और ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रबंधन की नाकामी के कारण ट्रेन को ज्यादा नुकसान हुआ। अगर समय रहते आग बुझाने के लिए पानी और अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग किया गया होता, तो ट्रेन को नुकसान होने से बचाया जा सकता था। लोगों ने बताया कि ट्रेन में रिफिलिंग के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में न तो पानी था और न ही रेलवे के अग्निशमन सिलेंडरों में गैस थी।

कल राजधानी एक्सप्रेस में लगी थी आग

रविवार उस समय एक बड़ा हादसा होने से बच गया जब अल सुबह त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते उसने ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा स्टेशनों के बीच हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर हूटर बज उठा। इसके बाद मेडिकल टीम और बचाव राहत टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय अधिकांश यात्री अपने-अपने केबिन में सो रहे थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही यात्री अपना सामान लेकर जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। हालांकि कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही रह गया।

रेलवे कर्मचारियों की सूझ बूझ ने बचाई दर्जनों जिंदगी

मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत ओएचई यानी बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इसके चलते कोटा रेल मंडल के इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। रेलवे की टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रेन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि रेलवे अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें : Ukraine Attack on Russia : यूक्रेन ने रूस पर किया ड्रोन अटैक, चार की मौत

  • TAGS
  • [post_tags]