फ्रांस पहुंचे विदेश मंत्री ने अपने समकक्ष के साथ की मुलाकात, भारत-फ्रांस के रिश्तों को मजबूत करने पर जोर
Dr. S. Jaishankar’s visit to France (आज समाज), नई दिल्ली : भारत के विदेश मंत्री ने एक बार फिर से यूरोप को वैश्विक राजनीति की धूरी के रूप में रेखाकित करते हुए फ्रांस की भूमिका को अहम बताया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक शांति व प्रगति के लिए जरूरी है कि यूरोपीय देश और भारत एक साथ मिलकर काम करें। आपको बता दें कि विदेश मंत्री एस जयशंकर फ्रांस दौरे पर हैं। विदेश मंत्री जयशंकर का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल है। अमेरिका की वेनेजुएला के खिलाफ कार्रवाई को लेकर दुनियाभर में चिंता का माहौल है।
भारत और यूरोप के रिश्ते हो रहे मजबूत
एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और यूरोप के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों पक्ष मिलकर वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में स्थिरता ला सकते हैं। डॉ. जयशंकर ने बुधवार को पेरिस में फ्रांस के विदेश मंत्री जीन नोएल बैरट से द्विपक्षीय मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए जयशंकर ने ये बात कही। विदेश मंत्री ने कहा कि वैश्विक राजनीति में यूरोप एक अहम खिलाड़ी है और ये जरूरी है कि भारत, यूरोप के साथ अपने रिश्तों को मजबूत करे। जयशंकर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह एक बहुत सोच-समझकर लिया गया फैसला है। यह एक ऐसा फैसला है जो हमारे इस विश्वास को दिखाता है कि यूरोप के साथ यह रिश्ता सच में आगे बढ़ने, अगले स्तर तक पहुंचने के लिए तैयार है।’
अहम मामलों पर वार्ता आगे बढ़ रही
जयशंकर ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में भी, हमने भारत में यूरोप से जुड़े मामलों जैसे, एफटीए (मुक्त व्यापार समझौता), प्रौद्योगिकी के मुद्दों, सेमीकंडक्टर, रेलवे, रक्षा, विमानन पर चर्चा की है। भारत और यूरोप का एक बहुत ही ठोस रिश्ता है, और भी बहुत कुछ किया जा सकता है। लेकिन इसके अलावा, मुझे लगता है कि आज एक बड़ी चर्चा की जरूरत है जो दुनिया को वैश्विक व्यवस्था के बारे में बात करनी चाहिए।


