Editorial Aaj Samaaj: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में खुले संभावनाओं के द्वार

0
243
Editorial Aaj Samaaj
Editorial Aaj Samaaj: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में खुले संभावनाओं के द्वार

Editorial Aaj Samaaj | राजीव रंजन तिवारी | इंडिया एआई समिट न केवल भारत के तकनीकी भविष्य के लिए ऐतिहासिक निवेश वादों का गवाह बना, बल्कि यह मंच वैश्विक टेक दिग्गजों के बीच की आपसी खींचतान और हाईप्रोफाइल अनुपस्थिति के कारण भी सुर्खियों में आ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस महाकुंभ में जहां एक तरफ रिलायंस और गूगल जैसी कंपनियों ने भारत के लिए अपना खजाना खोल दिया, वहीं दूसरी तरफ सिलिकॉन वैली के प्रतिद्वंद्वियों के बीच की तल्खी और बिल गेट्स के अचानक कार्यक्रम से हटने की खबर चर्चा का केंद्र बनी रही। शिखर सम्मेलन में एक दिलचस्प और असहज वाकया तब हुआ जब पीएम मोदी ने मंच पर मौजूद 13 कॉर्पोरेट लीडर्स से एआई एकता प्रदर्शित करने के लिए हाथ उठाने का आग्रह किया। अल्फ़ाबेट (गूगल) के सुंदर पिचाई और अन्य अधिकारियों ने तुरंत पीएम मोदी के संकेत का पालन किया, लेकिन ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन और एंथ्रोपिक के डारियो आमोदेई के बीच की दूरी दिखी।

मंच पर अगल-बगल खड़े होने के बावजूद जब हाथ उठाने की बारी आई तो दोनों प्रतिद्वंद्वियों ने मुट्ठियां एक-दूसरे से स्पष्ट रूप से दूर रखीं। ऑल्टमैन इस दौरान काफी असहज दिखे और दूसरी तरफ देखने लगे। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसे यूजर्स ने एआई कोल्ड वॉर का नाम दिया। गौरतलब है कि डारियो आमोदेई पहले ओपनएआई में ही थे, लेकिन मतभेदों के चलते उन्होंने अलग होकर एंथ्रोपिक की शुरुआत की थी। हालांकि, ऑल्टमैन ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि मुझे पता नहीं था कि मंच पर क्या हो रहा है या हमें क्या करना चाहिए। समिट का दूसरा बड़ा झटका तब लगा जब माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने अपने निर्धारित मुख्य भाषण से कुछ घंटे पहले ही नाम वापस ले लिया। गेट्स फाउंडेशन ने इसे सावधानीपूर्वक विचार के बाद लिया गया निर्णय बताया, लेकिन कोई स्पष्ट कारण नहीं दिया। उनकी जगह फाउंडेशन के अंकुर वोरा ने भाषण दिया।

गेट्स का यह कदम उस समय आया है जब हाल ही में जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में उनके नाम का जिक्र होने पर विवाद छिड़ा था। हालांकि, गेट्स के प्रवक्ता ने इन दावों को खारिज किया है, लेकिन समिट से उनकी दूरी ने कई कयासों को जन्म दे दिया। इन तमाम नाटकों के बावजूद, भारत के एआई इकोसिस्टम के लिए यह समिट बेहद सफल रहा। समिट में कुल 200 बिलियन डॉलर से अधिक के निवेश के वादे किए गए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी ने अगले सात वर्षों में एआई इकोसिस्टम के लिए 110 बिलियन डॉलर के भारी-भरकम निवेश का ऐलान किया। गूगल के सुंदर पिचाई ने विशाखापत्तनम में एक नया एआई हब स्थापित करने की घोषणा की। पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एआई के लोकतंत्रीकरण और नवाचार पर जोर दिया।

हालांकि, समिट में कुछ कुप्रबंधन की खबरें भी आईं, जैसे एक स्वदेशी रोबोट डॉग का वास्तव में चीनी मेक निकलना। रोबोट डॉग प्रकरण ने तो कुछ ज्यादा ही नकारात्मक सुर्खियां बटोरीं। गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर आरोप लगा कि उसने चीन में निर्मित एक रोबोट डॉग को अपना बताकर इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में पेश कर दिया। इस पर बवाल तो मचना ही था। सो हुआ। पूरी दुनिया में शोर मच गया। अब गलगोटिया का रोबो डॉग उसके ही गले की हड्डी बन गया है। सफाई देने में वक्ता जाया हो रहा है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी को माफी तक मांगनी पड़ी है। अब सवाल यह है कि इस तरह हरकत करने से पहले क्यों नहीं सोचा गया। सोशल मीडिया पर अपने बयान में गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने लिखा कि हमारे स्टॉल पर मौजूद हमारी एक प्रतिनिधि को तकनीकी जानकारी सही तरीक़े से नहीं मिली थी।

गलगोटिया ने सफाई दी कि कैमरे पर आने के उत्साह में हमारे प्रतिनिधन ने उत्पाद से जुड़ी कुछ ग़लत जानकारी दे दी, जबकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति भी नहीं थी। यूनिवर्सिटी की ओर से कहा गया कि हम आपसे निवेदन करते हैं कि इस स्थिति को समझें, क्योंकि हमारा मक़सद किसी भी तरह से इस इनोवेशन को ग़लत तरीके से पेश करना नहीं था। गलगोटिया यूनिवर्सिटी शैक्षणिक ईमानदारी, पारदर्शिता और अपने काम की ज़िम्मेदार प्रस्तुति को लेकर प्रतिबद्ध है। आयोजकों की भावना का सम्मान करते हुए हमने कार्यक्रम स्थल ख़ाली कर दिया है। उधर, गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफ़ेसर नेहा सिंह ने कहा था कि इस रोबोट को गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ़ एक्सिलेंस में डिवेलप किया जा रहा है, न कि इसे बनाया गया है, बिल्ड करना और डिवेलप करने में अंतर है।

प्रोफ़ेसर नेहा ने ही पहले इस रोबो डॉग को लेकर मीडिया से बात की थी और बताया था कि इसे गलगोटिया यूनिवर्सिटी में डिवेलप किया गया है। इसके बाद ही सोशल मीडिया पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी को ट्रोल किया जाने लगा था। गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफ़ेसर नेहा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें वो एक सॉकर ड्रोन को लेकर दावा कर रही हैं कि इसकी एंड टू एंड इंजीनियरिंग से लेकर एप्लिकेशन समेत सभी चीज़ों पर काम यूनिवर्सिटी में हुआ है। उन्होंने दावा किया कि गलगोटिया के कैंपस में भारत का पहला ड्रोन सॉकर एरीना (किसी ख़ास गतिविधि की जगह) है, इस एरीना में स्टूडेंट्स गेम्स खेलते हैं, इसको फ़्लाई करते हैं और नए तरीक़े से एनहांस्ड फ़ीचर के साथ इसे डिवेलप कर रहे हैं। इंडिया यूथ कांग्रेस ने इस वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि पहले चीन, अब कोरिया। गलगोटिया उधार लिए गए इनोवेशन के वर्ल्ड टूर पर है।

उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कैंपस में स्क्रैच से इंडिया का पहला ड्रोन सॉकर बनाया है, लेकिन असल में यह कोरिया का एक स्ट्राइकर वी3 एआरएफ़ है। इस वीडियो में प्रोफ़ेसर जिस ड्रोन को दिखा रही हैं। उसी से लगभग मिलता-जुलता एक ड्रोन दक्षिण कोरियाई कंपनी हेलसेल बनाती है। आपको बता दें कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी की शुरुआत साल 2011 में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हुई थी। इसके संस्थापक गलगोटिया पब्लिकेशंस के मालिक सुनील गलगोटिया हैं। हालांकि विश्वविद्यालय तक पहुंचने का सफ़र छोटे-छोटे संस्थानों से पूरा हुआ है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी की वेबसाइट के मुताबिक़, सुनील गलगोटिया नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में अपने ख़ानदानी बुकस्टोर ईडी गलगोटिया एंड संस के काम में लगे हुए थे। साल 1980 में उन्होंने पब्लिकेशन हाउस की शुरुआत करने का फ़ैसला किया। उन्होंने गलगोटिया पब्लिकेशंस के नाम से अपने पब्लिकेशन हाउस की शुरुआत की।

इस पब्लिकेशन हाउस ने तब कामयाबी की उड़ान भरी जब उसे विदेश में पढ़ाई के लिए दी जाने वाली परीक्षा सैट, टॉफ़ेल, जीआरई और जीमैट के लिए बैरंस किताबों का प्रकाशन अधिकार मिला। इसके बाद सुनील गलगोटिया ने किताब से निकलकर शिक्षा के क्षेत्र में हाथ फैलाने का फ़ैसला किया। साल 2000 में उन्होंने 40 छात्रों के साथ गलगोटिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की शुरुआत की। उसी साल गलगोटिया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की शुरुआत हुई। इन्हीं दोनों संस्थानों की बदौलत आगे चलकर साल 2011 में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की नींव पड़ी। आज ग्रेटर नोएडा में 52 एकड़ में इसका कैंपस है। यूनिवर्सिटी का दावा है कि एक शैक्षणिक सत्र में तक़रीबन 40 देशों के 40 हज़ार छात्र उसके यहां पढ़ते हैं। वहीं पूरी दुनिया के 96 देशों में उसके एक लाख से अधिक पूर्व छात्र हैं।

यूजीसी से मान्यता प्राप्त इस यूनिवर्सिटी में पोलिटेक्नीक, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ-साथ पीएचडी भी होती है और यूनिवर्सिटी का दावा है कि उसके 20 स्कूलों में 200 प्रोग्राम चल रहे हैं। इसके अलावा यूनिवर्सिटी को फ़ार्मेसी काउंसिल ऑफ़ इंडिया, बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया, इंडियन नर्सिंग काउंसिल, नेशनल काउंसिल फ़ॉर टीचर एजुकेशन और नॉर्म्स ऑफ़ नेशनल काउंसिल फ़ॉर होटल मैनेजमेंट से मान्यता मिली हुई है। सुनील गलगोटिया इस यूनिवर्सिटी के चांसलर और उनके बेटे ध्रुव गलगोटिया इसके सीईओ हैं। वहीं सुनील की बेटी अराधना गलगोटिया इस यूनिवर्सिटी में डायरेक्टर ऑपरेशंस हैं। गलगोटिया यूनिवर्सिटी का कहना है कि उसका मक़सद इंटरनेशनल लेवल पर एक जाना-माना इंस्टिट्यूशन बनना है जो मल्टीडिसीप्लिनरी और इंटरडिसिप्लिनरी एजुकेशन, रिसर्च और इनोवेशन में बेहतरीन हो।

बहरहाल, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट ने पूरी दुनिया में खूब चर्चा बटोरी। इसमें दोनों तरह की बातें देखने को मिलीं। नकारात्मक भी और सकारात्मक भी। हालांकि नकारात्मक बातें कम ही थीं। इसलिए यह संतोष की बात है कि कुल मिलकर बेहतर रहा। अब आगे यह देखना है कि इस इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का लाभ भारत किस तरह उठा पाता है। इसके लिए सरकार को अपने सिस्टम के सहारे देश के विभिन्न संस्थानों तक पहुंचाना चाहिए, ताकि लोगों को इस नई तकनीक के बारे में जानकारी मिले और अधिक से अधिक लाभ हो। उम्मीद की जा रही है कि सरकार इसके लिए नवाचार करेगी और लोगों को समझाएगी। (लेखक आज समाज के संपादक हैं।) 

यह भी पढ़ें : Editorial Aaj Samaaj: भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग आसान नहीं

  • TAGS
  • [post_tags]