
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी किया था भारत-पाक संघर्ष रूकवाने का दावा
India Pakistan War, (आज समाज), नई दिल्ली: चीन का कहना है कि उसने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य तनाव को कम कराने में भूमिका निभाई थी। चीन का कहना है कि जब इस साल दोनों देशों के बीच हालात बिगड़ गए थे, तब उसने बीच में आकर तनाव कम करने की कोशिश की। मंगलवार को बीजिंग में आयोजित एक कार्यक्रम में चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि चीन दुनिया के कई संघर्षों को सुलझाने में मदद करता रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए तनाव के दौरान भी चीन ने मध्यस्थता की थी। चीन के विदेश मंत्रालय ने उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर भी शेयर किया। जवाब में भारत सरकार ने चीन के इस दावे को खारिज किया है। भारत ने कहा है कि संघर्ष को रुकवाने में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं है। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी भारत-पाक के बीच संघर्ष को रूकवाने का दावा किया था।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान पर बोला था हमला
चीन का यह बयान उस समय को लेकर है, जब इस साल मई में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव हुआ था। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान के कई आतंकी और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था, जिससे कुल मिलाकर 11 एयरबेस को नुकसान पहुंचा था। भारत ने यह हमला 22 अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया था, जिसमें 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी।
भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच बातचीत से ही खत्म हुआ था तनाव
भारत के मुताबिक, भारी नुकसान होने के बाद पाकिस्तान के सैन्य अधिकारी ने भारतीय सैन्य अधिकारी से संपर्क किया था। भारत का कहना है कि पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल आॅफ मिलिट्री आॅपरेशंस ने भारतीय डीजीएमओ से बात की और इसके बाद दोनों देशों ने 10 मई से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।

