सीएम ममता के खिलाफ नंदीग्राम और भबानीपुर से चुनाव लड़ेंगे सुवेंदु अधिकारी
Assembly Election, (आज समाज), नई दिल्ली/कोलकाता/तिरुवनंतपुरम: भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर से टिकट दिया है। ये दोनों सीटें बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की हैं।
सुवेंदु अधिकारी ने 2021 विधानसभा चुनाव में ममता को नंदीग्राम सीट से हराया था। नंदीग्राम में हार के बाद ममता भबानीपुर से उपचुनाव जीती थीं। भबानीपुर सीट टीएमसी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। ममता 2011 से 2021 तक लगातार यहां से विधायक रही हैं।



खड़गपुर सदर से दिलीप घोष को उतारा मैदान में
भाजपा ने डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हालदार को टिकट दिया है। यह इलाका ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर में आता है। अभी यहां से टीएमसी के पन्नालाल हलदर विधायक हैं। भाजपा ने बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से टिकट दिया है।
केरल में 47 कैंडिडेट्स की घोषणा
भाजपा ने बंगाल से पहले केरल में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। 140 में से 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने राज्य के भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से मैदान में उतारा है। चंद्रशेखर 2024 लोकसभा चुनाव में तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस सांसद शशि थरूर से हार गए थे।
ये भी पढ़ें : Odisha Hospital Fire : कटक मेडिकल कॉलेज में आग से 10 मरीजों की मौत


