आगे चल रहे ट्रेलर से टकराई प्राइवेट बस, दोनों वाहनों में लगी आग, 21 लोग घायल
Rajasthan Accident News (आज समाज), दौसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के दौसा जिले में एक दर्दनाक हादसा होने से आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही प्राइवेट टूर एंड ट्रेवल की बस अपने आगे जा रहे ट्रेलर से टकरा गई।
हादसा इतना ज्यादा भयानक था कि टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। जिससे छह लोग जिंदा जल गए जबकि दो की मौत अन्य गंभीर चोटें लगने के चलते हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके साथ ही मृतकों के शव भी पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए।
बुधवार सुबह करीब 2.30 पर हुआ हादसा
हादसा राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार के बीच की रात को करीब 2.30 बजे हुआ। बस आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। एक्सीडेंट में कुल 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने और 2 की सिर में चोट लगने के कारण हुई है। बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। हादसे में 21 लोग घायल हैं। इन्हें दौसा जिला हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
हादसे के बाद तुरंत नहीं मिली मदद
पुलिस को आशंका है कि बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण एक्सीडेंट हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, एक ग्रामीण ने दावा किया कि- बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे थे। बस के पैसेंजर ने बताया कि स्लीपर हंस ट्रेवल्स की थी।
मंगलवार शाम करीब 5 बजे बस ऋषिकेश से इंदौर के लिए निकली थी। एक्सीडेंट के तुरंत बाद बस में आग लग गई थी। करीब एक घंटे तक घायलों को कोई मदद नहीं थी। रेस्क्यू के लिए पहुंचे एक ग्रामीण ने बताया कि आग में फंसे पैसेंजर्स चीख-पुकार रहे थे। आग बुझाने के दौरान बस की डिक्की में सिगरेट से भरे कई बॉक्स नजर आए थे। आशंका है कि इनके कारण आग ज्यादा भड़की थी।


