
Aaj Samaj 20th Anniversary, (आज समाज), चंडीगढ़: आईटीवी नेटवर्क द्वारा संचालित हिंदी समाचार पत्र ‘आज समाज’ की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर चंडीगढ़ स्थित होटल ताज में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस खास अवसर पर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की कई राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के दिग्गज भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में सांसद कार्तिकेय शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित विनोद शर्मा और कालका से विधायक शक्ति रानी शर्मा की मौजूदगी ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
सरकार बनाने के लिए बीजेपी को मिले बंपर वोट: कृष्ण लाल पंवार
हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और प्रदेश की विकास योजनाओं को लेकर अहम बातें रखीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूरे हरियाणा में हर गांव में अटल ई-लाइब्रेरी खोलने का फैसला लिया है। इससे उन बच्चों को फायदा होगा, जो पहले कोचिंग के लिए शहरों का रुख करते थे, अब उन्हें गांव में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
लगभग 3,000 गांवों का चयन
पंवार ने बताया कि कुछ समय पहले गृह मंत्री अमित शाह ने करीब 215 लाइब्रेरी का उद्घाटन किया था और सरकार का लक्ष्य है कि लगभग 3,000 गांवों का चयन कर वहां ये सुविधाएं शुरू की जाएं।
उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भूपिंदर हुड्डा सरकार के कार्यकाल में करीब 86 हजार नौकरियां दी गईं और वो भी ‘पर्ची-खर्ची’ के आधार पर। वहीं, मौजूदा सरकार के 11 साल के कार्यकाल में करीब 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी गई हैं।
6,225 महिला संस्कृत केंद्र खोले जाएंगे
महिलाओं को लेकर उन्होंने बताया कि प्रदेश के करीब 500 गांवों में महिला संस्कृत केंद्र खोले जा चुके हैं और आने वाले समय में लगभग 6,225 महिला संस्कृत केंद्र खोले जाएंगे।
खनन विभाग से जुड़े मुद्दे पर रणदीप सुरजेवाला के ट्वीट को गलत बताते हुए पंवार ने कहा कि हरियाणा में अवैध खनन नहीं होता, बल्कि ऐसी गतिविधियां राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में होती हैं।

