
Trans Himalayan Lakes (आज समाज), नई दिल्ली : दो दिन पहले तिब्बत में ग्लेशियर टूटने से नेपाल में जल प्रलय आया। इसमें अभी तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बड़ी गिनती में लोग लापता हैं। इनमें भारत के नागरिक भी बड़ी संख्या में लापता हुए हैं जोकि पर्यटन अथवा मानसरोवर यात्रा पर निकले थे। नेपाल में आई इस बाढ़ के बाद एक बार फिर से पर्यावरण विशेषज्ञों का फोकस ग्लेशियरों के पिघलने से बन रही झीलों पर हो गया है।
इस दौरान जो ताजा रिपोर्ट सामने आई है उसमें भारत के लिए बहुत भयानक तथ्य पेश किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रांस हिमालय से जुड़े क्षेत्र में ग्लेशियरों के पिघलने से बन रहीं झीलें हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर तक नेपाल की तरह तबाही मचा सकती हैं। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद के ताजा अध्ययन में अकेले सतलुज बेसिन में ही 2,292 ग्लेशियल झीलें सामने आई हैं। इनमें 1,335 चीन अधिकृत तिब्बत में हैं, जहां भारत का प्रत्यक्ष नियंत्रण नहीं होने पर निगरानी संभव नहीं है।
स्पीति और किन्नौर में इतनी झीलें
इस अध्यनन में दूसरी चेतावनी इस बात को लेकर दी गई है कि भारतीय सीमा में ग्लेशियर पिघलने से 470 झीलें स्पीति और 487 किन्नौर के खाब से नीचे हिमाचल प्रदेश में आने वाले सतलुज क्षेत्र में हैं। इनमें से 49 झीलें 10 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैली हैं। सतलुज के अलावा चिनाब और रावी बेसिन के ग्लेशियरों में भी 373 झीलें हैं। इसके साथ ही 51 झीलें 5 से 10 हेक्टेयर क्षेत्र में हैं। 2192 झीलों का दायरा पांच हेक्टेयर से कम है।
जम्मू-कश्मीर के लिए खतरा बन रही गीपनगाथ झील
चिनाब बेसिन में लाहौल-स्पीति के सिस्सू के पास गीपनगाथ झील 1975 में 27 हेक्टेयर में थी, जो बढ़कर 110 हेक्टेयर तक फैल गई। इसकी औसत गहराई 36 मीटर है। गीपनगाथ झील का चार गुना से ज्यादा बढ़ना ग्लेशियरों का तेजी से पिघलना माना जा रहा है। क्षेत्रफल के लिहाज से यह हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी झील बन चुकी है। यदि प्राकृतिक बांध के कमजोर होने, भूस्खलन, हिमस्खलन या भूकंप के कारण यह झील फटती है तो पानी और मलबे का तेज बहाव उदमपुर क्षेत्र से होते हुए आगे जम्मू-कश्मीर तक तबाही मचा सकता है।
उपग्रह से मिली तस्वीरें भी डराने वाली
राज्य सरकार में आपदा नियंत्रण के परामर्शदाता व हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्टे) के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. एसएस रंधावा के अनुसार लिस-4 उपग्रह के 5.8 मीटर रिजॉल्यूशन वाले डेटा से 2023 की तस्वीरों के आधार पर परिषद की ओर से किए ताजा अध्ययन में अकेले सतलुज बेसिन में 2,292 ग्लेशियल झीलें सामने आई हैं।
लिस-3 उपग्रह डेटा 23.5 मीटर रिजॉल्यूशन वाले डेटा में वर्ष 2019 में चिनाब बेसिन में 242, ब्यास में 93 और रावी में 38 झीलें चिह्नित की जा चुकी हैं। भूकंप के दृष्टि से हिमाचल जोन छह में डाल दिया गया है, जबकि पहले इसे जोन चार और पांच में रखा जाता था। उनके मुताबिक नेपाल जैसी स्थिति में भूकंप के बाद अगर कोई ग्लेशियल झील फटती है तो बड़ी तबाही हो सकती है।

