पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की
Bangladesh violence (आज समाज), ढाका : बांग्लादेश में पिछले साल शेख हसीना सरकार के वक्त शुरू हुई हिंसात्मक घटनाएं अब भी एक साये की तरह देश में व्याप्त हैं। भले ही दावा किया गया कि अंतरिम सरकार के शासनकाल में इन पर लगाम लगी और शांति कायम हुई, लेकिन ये सच्चाई से परे हैं। फिलहाल करीब एक महीने से इनमें बेतहाशा बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसी बीच राजधानी ढाका में बुधवार शाम एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। मोगबाजार इलाके में स्थित एक फ्लाईओवर से असामाजिक तत्वों ने नीचे देसी बम (क्रूड बम) फेंका, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब देश पहले से ही राजनीतिक और सामाजिक तनाव से गुजर रहा है।
एक स्थानीय अखबार के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय सियाम मजूमदार के रूप में हुई है। वह एक स्थानीय मोटर पार्ट्स की दुकान में काम करता था। बताया गया कि सियाम फ्लाईओवर के नीचे एक चाय की दुकान पर चाय पी रहा था, तभी ऊपर से फेंका गया बम उसके पास आकर फटा। धमाका इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हातिरझील थाने के इंस्पेक्टर (आॅपरेशंस) मोहम्मद मोहीउद्दीन ने बताया कि बम फ्लाईओवर से अज्ञात लोगों द्वारा फेंका गया। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
आज वापस लौट रहे बांग्लादेश के डार्क प्रिंस
बांग्लादेश की राजनीति का डार्क प्रिंस कहे गए, तारिक रहमान, 17 साल बाद स्वदेश लौट रहे हैं। गुरुवार को उनकी ढाका वापसी को बांग्लादेश की राजनीति में एक निर्णायक पल माना जा रहा है। तारिक रहमान आज दोपहर ढाका पहुंचेंगे। पार्टी के लाखों समर्थक एयरपोर्ट से उनके घर तक रोड शो में शामिल होंगे। वहीं सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। सरकार ने विशेष ट्रेनें चलाई हैं ताकि समर्थक राजधानी पहुंच सकें। हालांकि, कट्टरपंथी तत्व इस शक्ति प्रदर्शन से खुश नहीं हैं। चुनाव से पहले बीएनपी और जमात के बीच टकराव की आशंका भी जताई जा रही है। ज्ञात रहे कि वे पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे हैं। 2008 से लंदन में रह रहे थे और वहीं से बीएनपी का नेतृत्व कर रहे थे। उन पर भ्रष्टाचार और 2004 के ढाका ग्रेनेड हमले जैसे मामलों में सजा सुनाई गई थी।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : हम दबाव में आकर अपना डेयरी सेक्टर नहीं खोलेंगे : गोयल


