कहा, ईरान न सुधरा तो करेंगे पहले से कहीं घातक हमला
US-Iran Conflict (आज समाज), वॉशिंगटन : ईरान में फैली राजनीतिक अशांति और लोगों के देश व्यापी प्रदर्शनों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले माह शुरू हुए इन प्रदर्शनों में अभी तक करीब पांच हजार लोग मारे जा चुके हैं। वहीं अमेरिका लगातार ईरान में हालात सामान्य करने के लिए दखल दे रहा है। जबकि ईरान अमेरिका पर इस अव्यवस्था और अशांति का आरोप लगा रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर अमेरिका की कड़ी नजर है।
युद्धपोतों का एक बेड़ा खाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। वह पत्रकारों से बोले कि मैंने कहा, अगर तुम लोगों फांसी देते हो, तो तुम पर पहले से कहीं ज्यादा जोरदार हमला होगा। यह तुम्हारे ईरान परमाणु कार्यक्रम पर हमने जो किया, उसे मूंगफली जैसा बना देगा। उधर, ईरानी शीर्ष अभियोजक मोहम्मद मोवाहेदी ने ट्रंप के इस दावे का खंडन किया कि उनके दखल से देशव्यापी प्रदर्शनों में हिरासत में लिए गए 800 लोगों की फांसी रोक दी गई थी। उन्होंने इस बयान को झूठा बताया।
अब तक मारे गए इतने लोग
ईरान में देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन के दौरान की गई सख्त कार्रवाई में शुक्रवार तक कम से कम 5,002 लोगों की मौत हो गई है। मानवाधिकार कार्यकतार्ओं ने यह दावा करते हुए कहा, देश के इतिहास में सबसे बड़ी इंटरनेट पाबंदी आठ जनवरी से जारी है और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार मारे गए लोगों में 4,716 प्रदर्शनकारी, 203 सरकारी कर्मचारी, 43 बच्चे और 40 आम नागरिक हैं। एजेंसी ने यह भी कहा कि 26,800 से अधिक लोग हिरासत में लिए गए हैं। ईरान सरकार ने बुधवार को पहली बार मृतक संख्या जारी करते हुए कहा कि अब तक 3,117 लोग मारे गए हैं।
ईरानी सेना प्रमुख ने दी थी ट्रंप को सीधी धमकी
ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप के खामेनेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बयान पर ईरानी सेना ने करारा जवाब दिया है। ईरानी सेना के एक प्रवक्ता ने गत मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई को लेकर चेतावनी दी। सेना के प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेकर्ची ने कहा कि ट्रंप जानते हैं कि अगर हमारे नेता की ओर आक्रामकता का हाथ बढ़ाया गया तो हम न सिर्फ उस हाथ को काट देंगे, बल्कि उनकी पूरी दुनिया को आग के हवाले कर देंगे।
ये भी पढ़ें : Weather Update : पहाड़ों में भारी बर्फबारी, मैदानों में बारिश से लौटेगी ठंड


