99th Mann Ki Baat: देश के विकास में महिलाओं का अहम योगदान, नारी शक्ति को मेरा सलाम : मोदी

0
166
99th Mann Ki Baat
देश के विकास में महिलाओं का अहम योगदान, नारी शक्ति को मेरा सलाम : मोदी

आज समाज डिजिटल, (99th Mann Ki Baat): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 99वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नारी शक्ति, क्लीन एनर्जी, कोरोना से सावधानी और अगले महीने होने जा रहे सौराष्ट्र-तमिल संगमम के साथ ‘अंगदान’ पर भी विशेष बात की। पीएम ने अपने संबोधन में सियाचीन में तैनात पहली महिला कैप्टन शिवा चौहान का भी जिक्र किया।

पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव

मोदी ने कहा, नारी शक्ति को मेरा सलाम, देश के विकास में महिलाओं की आज भूमिका अहम है। उन्होंने कहा, आज भारत का जो सामर्थ्य नए सिरे से निखरकर सामने आ रहा है, उसमें हमारी नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। पीएम ने लोगों से पूछा कि आपने सोशल मीडिया पर एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव जी को जरुर देखा होगा। सुरेखा जी, एक और कीर्तिमान बनाते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस की भी पहली महिला लोको पायलट बन गई हैं।

साइंटिस्ट ज्योतिर्मयी मोहंती की तारीफ

मोदी ने बताया कि देश ने एक और उपलब्धि हासिल की है। भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की साइंटिस्ट ज्योतिर्मयी मोहंती की भी तारीफ करते हुए मोदी ने बताया कि मोहंती रसायन और रसायन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आईयूपीएसी का विशेष अवार्ड मिला है। मोदी ने मन की बात में यह भी कहा कि इस साल की शुरुआत में भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया था।

नागालैंड मेें दो महिलाओं ने परचम लहराया

राजनीति के क्षेत्र में महिलाओं का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि नागालैंड में एक नई शुरुआत हुई है। उन्होंने बताया कि इस राज्य में 75 साल में पहली बार दो महिला विधायक अपनी जीत के साथ विधानसभा पहुंची हैं। इन दोनों में से एक महिला को नगालैंड सरकार में मंत्री भी बनाया गया है।

39 दिन की बच्ची बनी हैं देश की सबसे कम उम्र की आर्गन डोनर

पीएम ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अंगदान पर बात करते अन्य लोगों को भी इस महादान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में उन्होंने दो ऐसे परिवारों से बात की, जिनके किसी सदस्य की मृत्यु के बाद उसके अंगदान किए गए। इनमें से एक परिवार पंजाब का था, जिसकी 39 दिन की अबाबत नाम की बच्ची देश की सबसे कम उम्र की आॅर्गन डोनर बनी है। पीएम ने बताया कि बच्ची के पिता सुखबीर सिंह संधू और उनकी पत्नी सुप्रीत कौर ने उन्हें बताया कि इनकी बच्ची का अंग किसी के काम आ जाता है तो यह भले का काम होगा। मोदी ने कहा, हमें गर्व महसूस हुआ क्योंकि हमारी बेटी भारत की सबसे कम उम्र की डोनर बनीं है। अबाबत की किडनी डोनेट की गई थी।

एक व्यक्ति के अंगदान से मिलती है 8-10 लोगों को नई जिंदगी

पीएम मोदी ने कहा कि मेडिकल साइंस की बदौलत आॅर्गन डोनेशन किसी को जीवन देने का एक बहुत बड़ा माध्यम बन चुका है। एक व्यक्ति जब आॅर्गन डोनेट करता है तो उससे आठ से दस लोगों को नई जिंदगी मिलती है। 2013 में हमारे देश में आॅर्गन डोनेशन के 5 हजार से भी कम केस थे, लेकिन पिछले साल यानी 2022 में यह संख्या बढ़कर 15 हजार से ज्यादा हो गई है। आॅर्गन डोनेशन करने वाले व्यक्तियों ने, उनके परिवार ने वाकई बहुत पुण्य का काम किया है। जो लोग आॅर्गन डोनेशन का इंतजार करते हैं उन्हें जब कोई अंगदान या देहदान करने वाला मिल जाता है, तो उसमें ईश्वर का स्वरूप ही नजर आता है।

यह भी पढ़ें : Kuldeep Sharma On India News Haryana Manch: राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद करना कोर्ट के फैसले का परिणाम, पर यह गलत

SHARE