हिंसा की राह छोड़ते हुए समाज की मुख्य धारा में हुए शामिल, आरोपियों पर कुल 1.61 करोड़ रुपए थ इनाम
Chhattisgarh Breaking News (आज समाज), बीजापुर/सुकमा : पिछले कई दशकों से नक्सलवाद से जूझ रहे छत्तीसगढ़ में अब तेजी से हालात बदल रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार के आपसी सहयोग से बड़ी संख्या में नक्सली हिंसा का मार्ग छोड़कर पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर रहे हैं और समाज की मुख्य धारा में शामिल हो रहे हैं। ऐसा ही कुछ बीते दिन बीजापुर और बस्तर जिले में हुआ। ज्ञात रहे कि यह दोनों जिले नक्सल प्रभावित एरिया में शामिल हैं और यहां पर बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इन दोनों जिलों के कुल 51 नक्सलियों ने शनिवार को सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने वाले नक्सलियों पर कुल मिलाकर 1.61 करोड़ रुपए का इनाम था।
सरकार ने दी है 31 मार्च तक की समयसीमा
ज्ञात रहे कि प्रदेश से नक्सलवाद को खत्म करने और नक्सलियों को सरेंडर करके समाज की मुख्य धारा में शामिल होने के लिए सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा 31 मार्च 2026 तक की समयसीमा तय की गई है। इसी के चलते छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक आत्मसमर्पण करने वालों की संख्या लगभग 300 हो गई है।
34 महिला नक्सली शामिल
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 34 महिलाएं शामिल हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि बस्तर पुलिस की पूना मारगेम पुनर्वास पहल के तहत बीजापुर जिले में 20 महिलाओं समेत 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है जबकि सुकमा जिले में 14 महिलाओं समेत 21 अन्य नक्सली मुख्यधारा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है।
सुंदरराज ने बताया कि बीजापुर में सरेंडर करने वाले 30 नक्सलियों में से बोटी पोडियम उर्फ मल्ला, सुखराम मदकम और रीना पुणेम शामिल हैं जिनपर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि पांच अन्य पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था, 14 नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम था, और आठ अन्य पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। इन 30 नक्सलियों पर कुल मिलाकर 85 लाख रुपये का इनाम था।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : भारत और अमेरिका के आपसी रिश्ते मजबूत हुए : पीएम


